राजस्थान से आ रही हवाओं से गर्माया मौसम

May 20 2023

ग्वालियर। नौतपा शुरु होने में पांच दिन शेष हैं, फिलहाल राजस्थान से गर्म हवाओं के आने से मौसम गर्म होना शुरु हो गया है। गत दिवस जहां तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था आज सुबह से ही आसमान साफ होने से तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन तापमान में वृद्धि हो सकती है और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है इसके बाद 23 मई से फिर अरब सागर से नमी आनी शुरु हो जाएगी और मौसम में बदलाव होगा। इस कारण इस बार नौतपा की शुरुआत बदले हुए मौसम के साथ हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई से अरब सागर से नमी आने लगेगी इसके बाद एक बार फिर ग्वालियर अंचल में बादल छाएंगे और बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। 23 मई से 25 मई तक मौसम बदला रहेगा।
इस दौरान शहर के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस बार मार्च से लगातार मौसम में उतार-चढाव बना हुआ है। जलवायु परिवर्तन के कारण लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के चलते बादलों का बार-बार आनाजाना बना रहने से गर्मी पर रोक लगी हुई है।