शनि जयंती पर मंदिरों पर सुबह से ही लगी भक्तों की भीड़

May 19 2023

ग्वालियर। शुक्रवार को शहर भर में भगवान शनिदेव की जयंती श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। शुक्रवार को सुबह से ही शहर के शनि मंदिरों पर भक्तों की भीड़ उमडऩा प्रारंभ हो गई। जो देर रात तक अनवरत रूप से जारी रही। जिसे जो मंदिर नजदीक मिला वह उस मंदिर पर पहुंचा और श्रद्धाभाव के साथ भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना की और घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। 
इस अवसर पर ऐंती स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर के अलावा शहर के ट्रान्सपोर्ट नगर स्थित नवग्रह मंदिर,कटी घटी स्थित नवग्रह मंदिर के अलावा अन्य शनि मंदिरों पर बड़ी संख्या में भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। पौराणिक मान्यता है कि शनिदेव न्याय के देवता है और यदि विधि विधान के साथ शनिदेव की पूजा की जाती है तो शनि की साढ़े साती या ढैय्या का प्रकोप कम होता है और जातकों को खूब धन लाभ होता है।
हिंदू पंचांग के मुताबिक हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या को शनि जयंती मनाई जाती है। इस साल 19 मई शुक्रवार को मनाई गई। शनि जयंती पर शनिदेव को प्रसन्न करके उनकी कृपा पाने के लिए शुभ दिन होता है।