प्रेमी की पत्नी पर तेजाब फेंककर, दुष्कर्म की एफआईआर कराने थाने पहुंची

May 19 2023

ग्वालियर। शारीरिक शोषण करने और एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पांच साल से दुष्कर्म की शिकार एक ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती ने गुस्से में आकर प्रेमी की पत्नी पर एसिड अटैक कर दिया। पत्नी को बचाने के प्रयास में उसका पति भी झुलस गया है। घटना जनकगंज के रामद्वारा इलाके की है। पुलिस के पास जब तक अस्पताल से सूचना पहुंचती उससे पहले ही आरोपी युवती अपने झुलसे हुए प्रेमी पर लिव इन रिलेशन में रखकर शारीरिक शोषण करने और धमकाने की एफआईआर कराने थाने पहुंच गई। और पुलिस ने एसिड अटैक और दुष्कर्म के क्रॉस मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के सामने इस तरह का पहला मामला आया था। तेजाब से झुलसी महिला का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
शहर के जनकगंज रामद्वारा प्रसूति गृह के पास निवासी 32 वर्षीय श्वेता बंसल पत्नी अमित बंसल अपने घर पर थीं। संजय नगर निवासी 25 वर्षीय युवती वहां आ धमकी। यह युवती उनके घर के पास ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जहां अमित बंसल और श्वेता बंसल का आना-जाना था। युवती की अमित बंसल से गहरी दोस्ती थी। पांच साल से दोनों साथ थे। युवती का यह भी आरोप है कि दोस्ती और शादी करने की आड़ में वो उसका लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था।
अब भी वह उसी से मिलने पहुंची थी। जब उसने अमित को बुलाया, तो अमित की पत्नी श्वेता बंसल बाहर आ गई। दोनों के बीच में विवाद हुआ। जिस पर युवती गुस्से में आ गई और वह जो एसिड अमित बंसल के लिए लाई थी वह उसकी पत्नी पर फेंक दिया। यह देख अमित ने पत्नी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी के साथ वह भी झुलस गया। घटना के बाद युवती वहां से भाग गई।
अमित का हाथ झुलसा था, इसलिए वह पड़ोसियों की मदद से बहोड़ापुर स्थित एक निजी अस्पताल में पत्नी को लेकर पहुंचा। श्वेता बंसल चेहरे से नीचे काफी झुलसी है। अस्पताल से जनकगंज पुलिस को सूचना मिली, उससे पहले ही एसिड अटैक करने वाली युवती दुष्कर्म पीडि़ता बनकर थाने पहुंच चुकी थी।
ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती ने जनकगंज थाना पहुंचकर आरोप लगाया कि अमित बंसल से पांच साल पहले उसकी पहचान हुई थी। उसके बाद दोनों की दोस्ती गहरी हो गई। यहां युवती ने बताया कि अमित ने उसके साथ शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। कई बार विरोध करने के बाद भी शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह मुझे ब्लैकमेल कर मेरे साथ संबंध बनाता रहा। पार्लर के पास ही एक फ्लैट लेकर मुझे वहां पांच साल से रखा था। अभी कुछ दिन पहले उसने मुझसे धोखाधड़ी कर फ्लैट खाली करा लिया था। इसी बात पर युवती उससे शादी की बात करने गई थी। एसिड अटैक करने के आरोप को युवती ने कहा है कि यह अपने अपराध को छुपाने के लिए उन्होंने खुद किया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर अमित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
अमित बंसल पर युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया उसने पुलिस को बताया कि यह युवती उसे पिछले दो साल से परेशान कर रही है। झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपए मांग रही थी। जब हम उससे ब्लैकमेल नहीं हुए और पुलिस में जाने की बात कही तो उसने मेरी पत्नी पर एसिड अटैक किया। पत्नी को बचाते समय मैं भी झुलस गया हूं।
इस मामले में टीआई जनकगंज थाना आलोक सिंह परिहार ने बताया कि एक महिला पर एसिड अटैक हुआ है अस्पताल से मिली सूचना पर मामला दर्ज किया है। जिस युवती पर एसिड अटैक का आरोप है उसने थाने आकर उससे दुष्कर्म होने की बात कही है। दोनों मामले एक दूसरे से जुड़े हैं। पुलिस ने दोनों में ही एफआईआर दर्ज की है।