घर-घर सर्वे कर सुनिश्चित करें कि पोलियो टीकाकरण से कोई भी बच्चा छूटे नहीं-कलेक्टर

May 18 2023

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में भी 28 से 30 मई तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन होगा। इस दौरान जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को जिंदगी की दो बूँद पिलाकर पोलियो रक्षा कवच पहनाया जायेगा। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने जिला टास्क फोर्स की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि अभियान के पहले दिन अर्थात 28 मई को पोलियो बूथ पर 90 प्रतिशत बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने के लक्ष्य रखें। उन्होंने सहरिया जनजाति बहुल बस्तियों में विशेष फोकस कर शतप्रतिशत बच्चों का पोलियो टीकाकरण करने पर बल दिया। साथ ही कहा कि किसी काम से बाहर गए परिवारों के बच्चों का भी टीकाकरण हो जाए इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए। 
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सहरिया अनुसूचित जनजाति बहुल बस्तियों का बारीकी से सर्वेक्षण करें। साथ ही सहरिया परिवारों को अपने बच्चों का पोलियो टीकाकरण कराने के लिये प्रेरित करें। प्रयास ऐसे हों कि कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से छूटे नहीं। उन्होंने अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों में भी इसी प्रकार सर्वे कराकर शतप्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। 
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में जन्म से पाँच वर्ष तक के 3 लाख 47 हजार 292 बच्चों को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिंदगी की दो बूँद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पोलियो टीकाकरण के लिये जिले में 2 हजार 216 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 140 कॉम्बेट टीम, 83 ट्रांजिट टीम व 15 मोबाइल टीम गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन यानि 28 मई को पोलियो बूथ पर बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जायेगी। अभियान के दूसरे व तीसरे दिन अर्थात 29 व 30 मई को घर-घर जाकर पोलियो टीकाकरण किया जायेगा। 
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2022-23 में भारत के समीपवर्ती राष्ट्र पाकिस्तान व अफगानिस्तान में पोलियो के चार प्रकरण सामने आए थे। इससे भी चिंताजनक बात यह है कि कुछ अफ्रीकन देशों में 30 साल बाद पोलियो के केस मिले हैं। इसलिए निश्चिंत न होकर जन्म से पाँच वर्ष तक के हर बच्चे का पल्स पोलियो अभियान के दौरान टीकाकरण नितांत जरूरी है। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत मध्यप्रदेश के 16 जिलों सहित देश के 195 जिलों में 28 व 29 मई को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें ग्वालियर जिला भी शामिल है। 
गुरूवार को जिला पंचायत के सभागार में आयोजित हुई बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास राहुल पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।