ध्यान से सभी रूप से शांति महसूस होती है- हरिओम गौतम

May 18 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, हार्टफुलनेस संस्थान एवं रमन शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में विकासखण्ड मुरार के बेरजा सेक्टर में ध्यान एवं योग के नि:शुल्क शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।  बेरजा सेक्टर के उदयपुर, जनारपुरा, गणेशपुरा, सोनी, बिल्हेटी, बेरजा आदि गाँवों में प्रशिक्षकों द्वारा दो शिफ्टो में प्रशिक्षण दिया गया। मुरार विकासखंड के सभी गाँवों में 12 मई से योग, ध्यान एवं प्राणायाम के शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।
शिविर में हार्टफुलनेस के प्रशिक्षक गौरव झा ने ग्रामीणों को ध्यान के बारे में बताते हुये कहा कि ध्यान अनावश्यक विचारों को मन से निकालकर शुद्ध और आवश्यक विचारों को मस्तिष्क में जगह देता है। आत्मिक शक्ति का विकास ध्यान तन, मन और आत्मा के बीच लयात्मक सम्बन्ध बनाता है और उसे बल प्रदान करता है। ध्यान का नियमित अभ्यास करने से आत्मिक शक्ति बढ़ती और मानसिक शांति की अनुभूति होती है।
इस अवसर पर हार्टफुलनेस के प्रशिक्षक सौरभ जैन ने ग्रामीणों को बताया कि ध्यान मुद्रा, प्राणायाम का हिस्सा है। प्राणायाम दो संस्कृत शब्दों- प्राण और यम से मिलकर बना है, इसका अर्थ है जीवन की ऊर्जा पर नियंत्रण प्राप्त करना। सांस पर ध्यान केंद्रित करने वाले इस अभ्यास को योगगुरु विशेष फायदेमंद मानते हैं। मानसिक समस्याओं से परेशान लोगों के लिए मेडिटेशन या प्राणायाम अभ्यास को वरदान माना जाता है।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि ध्यान एक अभ्यास है जिससे एक व्यक्ति एक तकनीक का उपयोग करता है और सचेतन, किसी विशेष वस्तु, विचार, गतिविधि पर ध्यान केंद्रित करता है। ध्यान मुख्य रूप से मानसिक रूप से स्पष्ट और भावनात्मक रूप से शांत और स्थिर स्थिति को प्राप्त करना है। ध्यान से मानसिक, भावनात्मक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से शांति महसूस होती है। ध्यान से नकारात्मक विचारों पर कन्ट्रोल होता है। 
इस मौके पर सरपंच राजेन्द्र सिंह परिहार, रामदास माहौर, जितेन्द्र श्रीवास, नबाबसिंह, बेताल सिंह, रामनरेश गर्जर, रामसेवक शर्मा, सूरज शर्मा, सुरेश घुरैया, श्रीमती रेखा माहौर विशेष रूप से उपस्थित थे।