पानी की मोटर चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 12 मोटर जब्त

May 15 2023

ग्वालियर। भितरवार अनुविभाग की करहिया पुलिस ने किसानों के खेतों से पानी की मोटर चोरी करने वाली गैंग के दो सदस्सों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में पानी की समर्सिबल मोटर जब्त की हैं। जिनकी कीमत साढ़े तीन लाख रुपए के लगभग बताई जा रही है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी अजय सिकरवार की ओर से अंजाम दी गई।
बता दें कि इस समय अधिकांश जगह फसल नहीं है तो किसानों का खेतों में आना जाना कम है। इसी का फायदा उठाकर करहिया थाना क्षेत्र में एक गैंग सक्रिय हो गई। जो लगातार पानी की मोटर, समर्सिबल पंप चोरी कर रही थी। आए दिन थाने में इसके मामले भी दर्ज हो रहे थे। लगातार हो रही शिकायतों से पुलिस परेशान थी। एसडीओपी अभिनव बारंगे को सूचना मिली की ग्राम पचौरा में 2 लोग हैं। जिनकी गतिविधियां संदिग्ध है, तो उन्होंने थाना प्रभारी अजय सिकरवार को निर्देशित किया।
जिस पर पुलिस ने दबिश दी तो जफर और टुन्नी नाम के 2 लोग पकड़ में आ गए। जब उनसे पूछताछ की गई तो 12 मोटर पंप जब्त हुए, जिनमें पांच बड़े समर्सिबल पंप, 7 टिल्लू पंप, रस्सी स्टार्टर विद्युत केबल मिले। जब्त सामान की कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे कड़ी पूछताछ प्रारंभ कर दी है ताकि इनके और साथियों का भी पता लगाया जा सके।
इस मामले में थाना प्रभारी करहिया अजय सिंह सिकरवार ने बताया कि मोटर चोरी की लगातार किसानों की ओर से शिकायतें की जा रही थी, इस पर कार्रवाई की तो 2 लोग गिरफ्तार हुए हैं। इनसे बड़ी मात्रा में मोटर मिली हैं, जिनकी कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपए है अपराध दर्ज कर लिया गया है।