मुरैना जिले के जौरा में बीच बाजार प्रेमिका को गोली मारकर प्रेमी ने भी किया सुसाइड

May 12 2023

ग्वालियर/ मुरैना। मुरैना जिले के जौरा कस्बे में अचानक बीच बाजार में गोली चलने से भगदड़ मच गई। जौरा के थाना प्रभारी ओपी रावत ने बताया कि पहली नजर में मामला प्रेम संबंध का है। दोनों की मौत हो चुकी है। दोनों का पीएम कराया जा रहा। उसके बाद जांच की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक जौरा कस्बे में विजय प्रजापति पुत्र रघुवीर प्रजापति 18 वर्ष निवासी पुराना जौरा सोनिया पुत्री स्व. लोकेन्द्र पटवा को चाहता था। वह माला पिरोने का काम करती थी। 12 मई शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे के करीब विजय प्रजापति हनुमान चौराहे पर आया। चौराहे से अंदर बाजार में मौजूद मंदिर में सोनिया से बातचीत करने लगा। देखते ही देखते दोनों में झगड़ा होने लगा। उसने करीब 20-25 मिनट तक बातचीत की। उसके बाद उसने कमर से कट्टा निकालकर लडक़ी को गोली मार दी।  गोली लगते ही सोनिया जमीन पर गिर गई। गोली मारने के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन बाजार में भीड़ होने के कारण वह भाग नहीं सका। सोनिया को गोली मारने के बाद वह लगभग 90 फीट तक भागा और फिर अपने बचने का कोई चारा न देखते हुए उसने खुद की कनपटी पर कट्टा रखकर गोली मार दी। गोली मारते ही खून का फव्वारा फूट गया और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा।
बीच बाजार में गोलियों की आवाज सुनकर लोग सकते में आ गए और भगदड़ जैसी स्थित बन गई। देखते ही देखते बाजार में दुकानों के शटर नीचे गिरने लगे। जौरा थाना प्रभारी ओपी रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जौरा भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।