रोड पर अतिक्रमण एवं जाम की सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही हेतु बनाई ट्रैफिक ईगल मोबाइल

May 10 2023

ग्वालियर। शहर के बेतरतीब हुए ट्रैफिक को सुधारने के लिए अब यातायात पेट्रोलिंग मोबाइल (बुलट) तैनात रहेगी। यह मोबाइल उन स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करेगी, जहां पर आए दिन जाम के हालात बनते हैं। यह बात बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसएसपी राजेश चंदेल ने यातायात पेट्रोलिंग मोबाइल को हरी झण्डी दिखाते हुए कही। इस अवसर पर एएसपी यातायात डॉ. ऋषिकेश मीणा, डीएसपी नरेश बाबू अन्नोटिया, विक्रम ङ्क्षसह कनपुरिया, बीएन प्रजापति सहित तीनों यातायात थानों के थाना प्रभारी मौजूद थे। 
 एसएसपी राजेश चंदेल ने कहा कि शुरू की जा रही यातायात पेट्रोलिंग मोबाइल (बुलट) पर दो जवान तैनात रहेंगे और यह उन क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे, जहां पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे जाम लगने की स्थिति में कुछ ही मिनट में पुलिस स्पॉट पर होगी और जनता को होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी। 
एएसपी यातायात डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि 10 मई गुरूवार से शुरू हो रही यातायात पेट्रोलिंग मोबाइल की तीनों डीएसपी के साथ ही थाना प्रभारी कंपू अभिषेक रघुवंशी, मध्य थाना प्रभारी सोनम पाराशर और मेला थाना प्रभारी हिमांशू तिवारी लगातार मॉनीटरिंग करेंगे। इसके साथ ही आवश्यकता पडऩे पर अन्य क्षेत्रों में भी भेजा जाएगा।
अभी पुलिस को दस मोबाइल में से नौ मोबाइल मिली हैं। जिसमें से चार कंपू थाना क्षेत्र के लश्कर, दो मध्य क्षेत्र के सिटी सेंटर तथा पड़ाव इलाके में और तीन मेला क्षेत्र में जिसमें एक मुरार, एक हजीरा और एक गोला का मंदिर इलाके में तैनात रहेगी।