सुबह से ही गर्मी ने दिखाया असर

May 09 2023

ग्वालियर। आंधी, बारिश, ओलावृष्टि की भेंट चढ़े मार्च, अप्रैल और मई के प्रथम सप्ताह के बाद दूसरे सप्ताह में गर्मी ने स्पीड पकड़ ली है। राजस्थान में गर्मी बढऩे और शहर में आ रही गर्म हवाओं का असर दिखने लगा है। मंगलवार सुबह 8.30 बजे ही तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। एक घंटे बाद दो डिग्री सेल्सियस और बढ़ गया। गर्मी के कारण सुबह से ही पसीना टपकने लगा है। मौसम साफ होने से आज दिन में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। गत दिवस भी अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। गर्मी बढ़ते ही बिजली की खपत नौ लाख यूनिट बढक़र 50 लाख तक पहुंच गई है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है लेकिन इसके कमजोर होने से इसका असर नहीं पड़ रहा है। इस कारण आसमान साफ होने से तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्मी का अहसास करा रहा है। हालांकि शाम होते-होते तीन दिन से बादलों की आवाजाही होने से रात का तापमान अभी 22.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 3 मई से 8 मई तक हर दिन दो डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि हुई है। लेकिन न्यूनतम तापमान में शाम को छाने वाले बादलों के कारण मामूली सी कमी आई है। 
चार दिन बाद 14 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा इस कारण 13 व 14 मई को फिर आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु हो जाएगी। इस दौरान बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद फिर तेज गर्मी का दौर शुरु हो सकता है।