पहलवानों के समर्थन में कांग्रेस ने दिया धरना

May 08 2023

ग्वालियर। दिल्ली के जंतर मंतर पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग एवं पहलवानों के समर्थन में मंगलवार को ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने हजीरा चौराहे पर धरना दिया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ.देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि हमारे खिलाडिय़ों को सडक़ों पर उतरकर लडऩा पड़ रहा है फिर भी केन्द्र की भाजपा सरकार तक इन खिलाडिय़ों की पुकार नहीं पहुंची है। आखिर उन्हें अब क्या करना पड़ेगा कि सरकार उनकी बात सुने। 
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दिए गए हजीरा चौराहे पर दिए गए धरने को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर मितेन्द्र सिंह ने कहा कि खेलों को प्रोत्साहन की बात हमारे देश में बहुत की जाती है लेकिन खिलाडिय़ों को सम्मान नहीं मिल रहा है। ये खिलाड़ी उनके साथ हुए अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं फिर भी सरकार बाहुबलियों के आगे नतमस्तक होकर खिलाडियों की बात नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।
उन्होंने कहा कि जिन खिलाडिय़ों को खेल के मैदान में होना चाहिए वे धरना देकर बैठे हुए हैं और सरकार जिन पर आरोप लग रहे हैं उन पर कार्रवाई के बजाए बचाव करने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन खिलाडियों के साथ है। जब तक खिलाडिय़ों की मांग पर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तब तक कांग्रेस खिलाडिय़ों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। 
इस अवसर पर धरना दे रहे युवा कांग्रेस व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धोखाधड़ी करने और भ्रमजाल फैलाने वालों को सत्ता से हटाने के लिए अब जनता तैयार बैठी है।
धरने पर कांग्रेस नेता कृष्णराव दीक्षित, इन्द्रजीत चौहान, अनूप तिवारी, राकेश पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।