सुबह से ही तपाने लगी गर्मी

May 08 2023

ग्वालियर। पिछले तीन दिन से गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। 3 मई को अधिकतम तापमान जहां 32.9 डिग्री सेल्सियस था उसमें अब तक 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो चुकी है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण अब सुबह से ही गर्मी तपाने लगी है। गत दिवस पारा 40 डिग्री को पार जा चुका है, मंगलवार को भी मौसम साफ होने से तापमान दोपहर दो बजे के बाद 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सुबह 11 बजे तक तापमान 36 डिग्री तक पहुंच चुका था।
गत दिवस दिनभर मौसम साफ होने के बाद शाम होते ही आसमान में बादल छाने लगे और रात को हल्की बूंदाबांदी भी हुई इस कारण रात का तापमान नहीं बढ़ा, मौसम विभाग के अनुसार आसमान के साफ होने से तापमान लगातार धीरे-धीरे बढ़ेगा। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान मोचा का ग्वालियर तक असर नहीं आने से गर्मी अब अपना रंग दिखाने लगेगी। मौसम विभाग का मानना है कि दस मई तक तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रहेगा इसके बाद 11 मई से गर्मी और बढ़ेगी।