माझी समाज के 152 युवक-युवतियों ने मंच से दिया परिचय, 7 रिश्ते तय

May 08 2023

ग्वालियर। मप्र माझी जनजाति संयुक्त संघर्ष समिति एवं माझी समाज सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अंतिम दिन 152 युवक-युवतियों ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। जिसमें कुल सात रिश्ते तय हुए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर थे। अध्यक्षता समिति के प्रदेश अध्यक्ष केशव माझी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ थे। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने निषादराज गुहा की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इसके बाद ऊर्जा मंत्री तोमर ने मंच पर मातृशक्ति को बिठाया और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन समिति के प्रदेश संयोजक टीकाराम रायकवार ने दिया।
वहीं महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अर्चना माझी ने मांग रखी कि माझी समाज की स्वजातियों को पिछड़ा वर्ग की जगह जनजाति वर्ग में शामिल किया जाए। इसी तरह पेसा एक्ट एवं 11 नवंबर 2005 को लागू आदेश में संशोधित किया जाए। जिस पर ऊर्जा मंत्री ने आश्वासन दिया कि माझी समाज की समस्याओं के निराकरण के लिए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा करूंगा। विशिष्ट अतिथि राठौड़ ने कहा कि अब हर युवक व युवती चाहती है उसका जीवन साथी उसकी पसंद का हो। इसका सशक्त माध्यम युवक युवती परिचय सम्मेलन है। 
इससे पहले प्रांतीय महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें 42 जिलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में तय हुआ कि उक्त मांगों के निराकरण के लिए शासन को 30 जून तक का समय दिया जाए। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन जगदीश बाथम ने किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद मानसिंह राजपूत, पार्षद हरिबाबू शिवहरे, शिवसिंह यादव, मुलायम सिंह यादव, शांति प्रसाद बाथम, रामजीलाल बाथम, विनोद माझी, रवि बाथम, मनोज माझी, भूरा बाथम, शंकर इंडिया आदि उपस्थित थे।