150 पुलिस जवान व अफसरों ने थाटीपुर और मुरार एरिया में पैदल मार्च निकाला

May 07 2023

ग्वालियर। शहर में पुलिस ने गत शाम पूरे जिले में अफसरों के साथ पैदल गश्त किया। एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा ने एसपी राजेश चंदेल, एएसपी राजेश दंडोतिया, ऋषिकेश मीणा, विदिता डाबर, रत्नेश तोमर, नरेश अन्नोटिया, विक्रम कनपुरिया व बल की मौजूदगी में थाटीपुर से मुरार तक पैदल गश्त किया। 
पुलिस ने पैदल मार्च यानी कॉम्बिंग गश्त निकालकर लोगों में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास जगाने की कोशिश की है। एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा की अगुवाई मे थाटीपुर और मुरार क्षेत्र के 9 किलोमीटर एरिया में 150 पुलिस जवान व अफसरों की मौजूदगी में पैदल मार्च निकाला। गश्त थाटीपुर से चौहान प्याऊ, बारादरी चौराहा, सराफा बाजार, 6 नंबर व 7 नंबर चौराहा, नारकोटिक्स कार्यालय, बारादरी से सिरोल होते हुए हुरावली चौराहे पर समाप्त हुआ। पुलिस का इस तरह मार्च निकालने का मतलब लोगों में सुरक्षा की भावना और अपराधिक तत्वों को आगाह करना रहा है। जिससे शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे। 
पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन डी श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी थानों में यह कवायद हो रही है, क्योंकि पुलिसिंग का सबसे पुराना तरीका यही था। जिसमें थाना प्रभारी अपने बल के साथ क्षेत्र में अक्सर पैदल गश्त करते थे, लेकिन अब यह गाडिय़ों से होता है। जिससे लोगों में पुलिस के प्रति एक सुरक्षा के भाव में कहीं ना कहीं कमी महसूस की जाती है। इसलिए सभी थाना प्रभारी अपने अमले के साथ कम से कम 5 या 6 किलोमीटर का पैदल गश्त करेंगे। 
बता दें कि इसमें जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से लेकर निचले स्तर के पुलिस कर्मचारी भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह कवायद अब निरंतर चलती रहेगी। इस दौरान पुलिस कहीं कोई कमी देखती है तो उसे भी यथासंभव ठीक करने की कोशिश करेगी। यातायात अतिक्रमण और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी पुलिस के दल की कड़ी निगाह रहेगी।