संदिग्ध एसयूवी कार में मिला 106 किलो डोडा-चूरा,तस्करों की तलाश

May 06 2023

ग्वालियर। सडक़ पर खड़े वाहनों की चेकिंग में यातायात थाना प्रभारी को एक संदिग्ध कार (एसयूवी)खड़ी मिली। काफी देर उसकी जानकारी पता नहीं चलने पर कार को क्रेन से थाने पहुंचाया गया। थाने में जब गाड़ी की जांच की गई तो उसमें एक क्विटंल से ज्यादा डोड़ा-चूरा बरामद हुआ है। पुलिस ने कार व डोड़ा चूरा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल तस्करों का सुराग नहीं मिला है।
एएसपी यातायात ऋषिकेश मीणा ने बताया कि दो दिन पहले सूचना मिली थी कि यातायात नगर में एक संदिग्ध कार खड़ी हुई है। सूचना पर यातायात थाना प्रभारी मेला हिमांशु तिवारी को कार की जानकारी सहित आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और यहां अव्यवस्थित वाहनों को व्यवस्थित कराया और लावारिस खड़ी कार की जानकारी की तो उसके मालिक का पता नहीं चला तो उसे मेला थाने पहुंचाया गया।
कार थाने पहुंचने के बाद कई लोगों ने उसे छुड़वाने के लिए कॉल किए और कई लोग थाने जा पहुंचे। लेकिन पुलिस अफसरों ने कार के दस्तावेज बगैर कार छोडऩे से इनकार कर दिया। इसी बीच कार की जांच करने पर पता चला कि उसमें कुछ बोरे पीछे रखे हुए है। पुलिस अफसरों ने कार का कांच तोडक़र वीडियोग्राफी कराकर जांच की तो पता चला कि इन बोरों में अवैध डोडा-चूरा रखा हुआ है। 
इसका पता चलते ही डोडा चूरा को जब्त कर बहोड़ापुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बहोड़ापुर संतोष सिंह यादव, उपनिरीक्षक पप्पू यादव तथा अन्य बल मेला थाने पहुंचा और कार व डोड़ा चूरा को निगरानी में लेकर थाने पहुंचाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
अब पुलिस कार के नंबर, सीसीटीवी फुटेज से कार रखने वाले का पता करने के साथ ही जिन लोगों ने कार छुड़वाने के लिए सिफारिशी कॉल किए अब पुलिस उनसे पूछताछ कर तस्करों की जानकारी जुटाने में जुट गई है।