सिद्धि योग में मनी बुद्ध पूर्णिमा

May 05 2023

ग्वालियर। वैशाख पूर्णिमा है, इस तिथि को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाती है। बुद्ध पूर्णिमा का दिन भगवान गौतम बुद्ध के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, इसी दिन उन्हें अलौकिक ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। शुक्रवार को भगवान बुद्ध की 2567 वीं जयंती मनाई गई। बुद्ध जयंती के अवसर पर प्रमुख बुद्ध विहार पंचशील नगर, बुद्ध उपासना केंद्र अंबेडकर पार्क, सुरेश नगर, बजरिया थाटीपुर, हस्तिनापुर में वंदना कर बुद्ध प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं प्रभात फेरी निकाली गई। इस अवसर पर भगवान बुद्ध के जीवन चरित्र के बारे में बताया गया तथा उनके जीवन से जुड़े सिद्धांतों के बारे चर्चा की गई जो लोग बुद्ध विहार नहीं पहुंच पाए, उन्होंने घरों पर ही भगवान बुद्ध की आराधना की। इसके अलावा सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए।
डॉ. अंबेडकर समिति के तत्वावधान में बुद्ध जयंती पर सुबह 10 बजे बुद्ध विहार एवं बुद्ध उपासना केंद्र फूलबाग में बुद्ध उपासकों ने वंदना की एवं बुद्ध की प्रतिमा पर मोमबत्ती जलाकर पुष्प अर्पित किए। शुरुआत में भगवान गौतम बुद्ध व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
वहीं बुद्ध उपासना केंद्र अंबेडकर पार्क से तथागत सम्यक सम्बुद्ध जयंती महोत्सव के तहत सुबह 7 बजे धम्म मंगल मैत्री बौद्ध उपासक-उपासिकाओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बग्घी पर भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा स्थापित थी। आगे-आगे श्वेत वस्त्र धारण करके बौद्ध उपासक-उपासिकाएं हाथों में ध्वज लिए पैदल चल रहे थे। पीछे-पीछे दो पहिया वाहनों पर लोग सवार थे। प्रभात फेरी अंबेडकर पार्क से शुरु होकर पड़ाव, गांधी रोड, थाटीपुर चौराहा होते हुए पंचशील नगर स्थित तथागत गौतम बुद्ध विहार पर जाकर समाप्त हुई। 
भाजपा अजा. मोर्चा के पूर्व प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य घनश्याम दास अहिरवार ने अपने साथियों के साथ लक्ष्मीगंज स्थित बुद्धा पार्क में बुद्ध प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बुद्ध के मार्ग पर चलन ेकी बात कही। वहीं बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर हेमसिंह की परेड में सम्मान समारोह आयोजित हुआ जिसमें मुख्य अतिथि महाराष्ट्र्र भाजपा के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, विशेष अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ व प्रदेश सह संयोजक अंत्योदय प्रकोष्ठ रविन्द्र चौहान ने गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर समरसता के दीप जलाए।