एक घर के नाम एक ही मतदान केन्द्र पर रहें-अक्षय कुमार

May 03 2023

ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी आयोग आपके द्वार के तहत बीएलओ घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोडऩे, त्रुटियों में सुधार एवं एक ही परिवार के नाम एक ही मतदान केन्द्र की सूची में शामल कराने के लिये निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरवा रहे हैं। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बुधवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के अंतर्गत विभिन्न बस्तियों में पहुँचकर डोर-टू-डोर सर्वे की वस्तुस्थिति जानी। साथ ही बेसलाइन सर्वे के बारे में जानकारी प्राप्त की। 
उन्होंने इस अवसर पर निर्देश दिए कि जिन परिवारों के मतदाताओं के नाम अलग-अलग मतदान केन्द्रों की सूची में हैं उन्हें एक ही मतदान केन्द्र पर किया जाए। इस काम में किसी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। 
कलेक्टर श्री सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के अंतर्गत ठाठीपुर क्षेत्र में स्थित नेहरू कॉलोनी के विभिन्न घरों में पहुँचकर डोर-टू-डोर सर्वे की वस्तुस्थिति जानी। यहाँ के एक घर के मतदाताओं के नाम अलग-अलग मतदान केन्द्रों में पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने अपनी मौजूदगी में सुधार के लिये संबंधित बीएलओ से निर्धारित प्रपत्र भरवाया। उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि इस काम को बारीकी से और पूरी गंभीरता के साथ अंजाम दें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी जेपी गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ मौजूद थे।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के उन 20-20 मतदान केन्द्रों के क्षेत्र में बेसलाइन सर्वे किया जा रहा है, जहाँ पिछले चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत अत्यधिक कम रहा है। बेसलाइन सर्वे के दौरान मतदाताओं से चर्चा के लिये सामाजिक व आर्थिक आधार रखा गया है। साथ ही महिला, पुरूष, अनुसूचित जाति, जनजाति, ट्रांसजेंडर एवं युवा मतदाता इत्यादि मतदाताओं से भी चर्चा की जा रही है। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री एस बी ओझा ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के लिये आयोग द्वारा 80 प्रकार के प्रश्न निर्धारित किए गए हैं।