महिला से चेन लूटने वाले तीनों बदमाश पकड़े, लूटी गई सेन, वारदात में उपयोग बाइक जब्त की

May 02 2023

ग्वालियर। तीन दिन पहले भाई की शादी में शामिल होने आई बहन से झपट्टा मारकर चेन लूट का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने बाइक सवार तीन बदमाशों को तब पकड़ा जब वह वारदात करने के लिए एक बार फिर शहर में आए थे। पुलिस को स्पॉट से सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मिले थे। जिसके बाद पुलिस ने लुटेरों की पहचान कर निगरानी शुरू की। गैंग मुरैना से फिर शहर में दाखिल हुई और पुलिस ने पकड़ लिया।
गैंग में दो बदमाश सत्यवीर व बादाम गुर्जर मुरैना, एक लुटेरा रामकुमार गुर्जर महाराजपुरा ग्वालियर का है। पुलिस ने बदमाशों से लूटी की गई सोने की चेन, वारदात में उपयोग बाइक बरामद कर ली है। पुलिस शहर की अन्य वारदातों के संबंध में गैंग के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
एसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि तीन दिन पहले महाराजपुरा के बीडी श्रमिक चौराहा के पास बाइक सवार तीन बदमाश एक महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ले गए थे। घटना के बाद जब पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बाइक सवार तीन बदमाशों के फुटेज मिले थे। इन सीसीटीवी फुटेज में बदमाश चेहरे पर साफी बांधे हुए थे। पर उनकी कद काठी समझ में आ रही थी। पुलिस ने इन फुटेज को लेकर छानबीन शुरू की तो बदमाशों के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली और पता लगा कि बदमाश मुरैना और ग्वालियर के हैं। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। 
इसी बीच लुटेरों की गैंग को महाराजपुरा के भिंड रोड पर फिर देखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी को नहीं तोड़ पाए। पुलिस ने तीन बदमाशों को मौके से पकड़ा है। जिनकी पहचान सत्यवीर गुर्जर, बादाम सिंह गुर्जर निवासी सुमावली मुरैना, रामकुमार गुर्जर निवासी महाराजपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनसे लूटी गई चेन, बाइक बरामद कर ली है।
आपको बतादें कि भिण्ड के सदर बाजार निवासी रीना पत्नी कमल किशोर तीन दिन पहले भाई अजय की शादी में शामिल होने के लिए शताब्दीपुरम ग्वालियर आई थीं। रीना व उसकी बड़ी बहन पिंकी दोनों बहन ब्यूटी पॉर्लर जा रही थीं। तभी बीड़ी श्रमिक चौराहे के पास बाइक पर सवार तीन बदमाश झपट्टा मार कर रीना के गले से सोने की चेन झपट ले गए थे। अचानक हुई घटना से दोनों बहनें घबरा गईं फिर शोर मचाते हुए बाइक सवार बदमाशों के पीछे भागीं थी, लेकिन बाइक सवार अपनी बाइक को गति देकर भाग निकले थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। शहर की अन्य वारदातों के संबंध में भी उनसे पूछताछ की जा रही है। उनका अपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।