सनातन धर्म मंदिर के स्थापना दिवस पर चक्रधर का अभिषेक कर दो संतों का सम्मान किया

May 01 2023

ग्वालियर। सनातन धर्म मन्दिर में आज मोहिनी एकादशी पर भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण का दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा उत्सव एवं स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। मोहिनी एकादशी पर मन्दिर जहां 96 वर्ष पूर्ण कर 97 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। वहीं भगवान चक्रधर 79 वर्ष पूर्ण कर 80 वें वर्ष में तथा भगवान गिरिराजधरण 18 वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैें। इस अवसर पर दो दिन मंदिर में कई कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर सोमवार सुबह शहनाई वादन के साथ तीर्थों के जल से भगवान चक्रधर का अभिषेक कर विशेष शृंंगार किया गया, वहीं संतों का सम्मान किया गया।
स्थापना दिवस उत्सव में सोमवार को सुबह 7 बजे से भजन हुए। तत्पश्चात सनातन धर्म मंडल के अध्यक्ष कैलाशचंद मित्तल, प्रधानमंत्री महेश नीखरा, संयुक्त प्रधानमंत्री रमेश गोयल लल्ला, हरीशंकर सिंघल की उपस्थिति में सुबह 9 बजे से भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण के श्रीविग्रहों का मंदिर के पुजारी रमाकांत शास्त्री एवं वैदिक आचार्यों के सानिध्य में शहनाई वादन के बीच पूर्णाभिषेक हुआ। अभिषेक में गंगाजल के साथ सभी तीर्थों से लाया गया। जल उपयोग किया गया। अभिषेक के मुख्य यजमान ममता-अशोक कस्तवार, संगीता-रीतेश गुप्ता एवं रेनू-आलोक अग्रवाल थे। महाआरती के बाद सुबह 11 बजे अंचल के संत परमहंस चूना खो महाराज एवं खनेता धाम के महामंडलेश्वर महंत रामभूषण दास महाराज को मंडल की परम्परानुसार चक्रधर अलंकरण से विभूषित किया गया। सम्मान से पहले सभी संतों ने भगवान चक्रधर के दर्शन किए।  सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि महापौर डॉ. शोभा सिकरवार थीं। इसी के साथ मंदिर के पुजारी के साथ सभी पुजारियों का सम्मान मंडल द्वारा किया गया। इस अवसर पर सनातन धर्म मंडल के अध्यक्ष कैलाशचंद मित्तल, प्रधानमंत्री महेश नीखरा, संयुक्त प्रधानमंत्री रमेश गोयल लल्ला, हरीशंकर सिंघल, ओमप्रकाश गोयल, विमल माहेश्वरी, प्रदीप सिंघल, केदारनाथ गुप्ता, अशोक बांदिल, विजय जाजू, महेश खटोड़, राजेश गर्ग आदि मौजूद थे।
शाम को 56 भोग के दर्शन एवं ढोलीबुआ महाराज के भजन हुए
शाम 6 बजे से सभी भक्तों को पुष्टिमार्गीय परम्परानुरूप भगवान चक्रधर के जगमोहन में छप्पन भोग कुनवारे के दर्शन हुए एवं चक्रधर सभागार में संत ढोलीबुआ महाराज द्वारा एकनाथ परम्परा से भजन संध्या का आयोजन हुआ।
आज खाटू श्याम की भजन संध्या
मंदिर के पदाधिकारियों ने बताया कि आज मंगलवार को भगवान चक्रधर, गिरिराजधरण एवं मन्दिर प्रांगण में विराजमान सभी आराध्यों के विशेष शृंगार दर्शन के साथ शाम 7.30 बजे से खाटू श्याम की भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।