जिला अस्पताल की दुर्दशा देखकर प्रभारी मंत्री भडक़े डॉक्टरों को दी चेतावनी ढिलाई बर्दाश्त नही

May 01 2023

ग्वालियर। सुबह अचानक जिला अस्पताल मुरार पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट को अस्पताल की हकीकत नजर आई। जब वे पहुंचे तब अस्पताल में चार ड्यूटी डॉक्टरों में से केवल एक डॉक्टर मौजूद था, वहीं नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्टाफ भी अस्पताल से नदारद था, अस्पताल के इस हालात को देखकर उन्होंने सीएमएचओ को फटकार लगाते हुए कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारें। उन्होंने कहा कि सरकार सुविधाएं देने में कोईकमी नहीं कर रही है और यहां स्टाफ भी नहीं आ रहा है, आखिर ऐसे कैसे चलेगा अस्पताल। 
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में इलाज के लिए आई एक महिला रोने लगी उसने कहा कि उसे यहां डॉक्टर नहीं देख रहे हैं, इस पर उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इसका उपचार किया जाए। महिला को तत्काल ही उन्होंने भर्ती करने के भी आदेश दिए।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ग्वालियर आगमन के बाद रेलवे स्टेशन से सीधे जिला चिकित्सालय पहुंचे। उनके अस्पताल पहुंचते ही हडकंप मच गया। उन्होंने देखा कि अस्पताल में कर्मचारी होने से मरीजों के पर्चे बनने का काम तो शुरु हो चुका था, लेकिन अस्पताल का स्टोर बंद था। जब वे पहुंचे तब अस्पताल में पानी भी नहीं था, इसके बाद तत्काल पानी चालू किया गया। अस्पताल में साफ सफाई भी नहीं थी, इस पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल को तो साफ रखो। उन्होंने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों से चर्चा कर उनसे जानकारी लेकर सीएमएचओ को निर्देश दिए कि व्यवस्थाएं सुधारें। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सेवाएं स़ुदृढ होना चाहिए मरीजों के इलाज में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यहां की बदहाल इमरजेंसी सेवाओं पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारा जाए। निरीक्षण के समय भाजपा नेता हरीश मेवाफरोश सहित अन्य लोग उपस्थित थे। 
अस्पताल में भर्ती एक मरीज से जब प्रभारी मंत्री ने पूछा कि वे क्यों भर्ती है तो उसने बताया कि उसे सिर में चोट है, लेकिन उसकी जांचे नहीं हो पा रही है। इस पर उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की जो भी जांचें होना हंै उनकी जांचें कराते हुए उनका इलाज प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।