गांजा लेकर आए दो तस्कर पकड़े,बाइक बरामद

May 01 2023

ग्वालियर। छत्तीसगढ़ से गांजा लाकर शहर में खपाने वाले दो तस्करों को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए तस्करों से पुलिस ने 11 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख साठ हजार रुपए बताई है। हालांकि पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने करीब एक किलोमीटर तक बाइक दौड़ाई, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौका नहीं दिया और दबोचकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीसपी संदीप मालवीय ने बताया कि सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से तस्करी कर गांजे की खेप ग्वालियर आने वाली है। इसका पता चलते ही बहोड़ापुर थाना प्रभारी डॉक्टर संतोष सिंह को सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। तस्करों को पकडऩे के लिए पुलिस टीम को टॉस्क दिया। सूचना मिलते ही दो टीमें बनाकर तस्करों की सर्चिंग शुरू की। अभी पुलिस सर्चिंग करते हुए मोतीझील तिराहे के पास पहुंची थी कि तभी दो युवक बाइक से आते दिखे, जो पुलिस को देखते ही हड़बड़ाए और अपनी बाइक को तेजी से निकालकर ले गए।
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गलियों में बाइक डाल दी, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस ने दूसरी टीम को बुला लिया और तस्कर पुलिस के जाल में फंस गए। 
पुलिस ने जब उनके पास मिली बोरी की तलाशी ली तो ऊपर घरेलू सामान निकला और जब पूरा सामान खाली किया तो नीचे से गांजे की खेप बरामद हुई। पुलिस ने गांजा जब्त होते ही दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में पता चला है कि योगेश साहू पुत्र कमल सिंह साहू डबरा का तथा दूसरा जीतू पुत्र राजू कुशवाह निवासी उरवाई गेट का रहने वाला है और दोनों ही छत्तीसगढ़ से गांजे की खेप लेकर लोकल तस्करों को सप्लाई करते हैं। अब पुलिस उनसे लोकल तस्करों की जानकारी जुटा रही है।