प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात के 100वें एपिसोड का ग्वालियर में अनेक स्थानों पर हुआ प्रसारण

Apr 30 2023

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड का रविवार को प्रसारण किया गया है। मन की बात के लाइव प्रसारण के लिए शहरभर में बूथ स्तर पर सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें महाराज वाडा, समदिया कॉलोनी, बहोड़ापुर, कंपू, बाल भवन, मानस भवन, हजीरा, मुरार सहित अनेक स्थानों पर रेडियो कार्यक्रम को प्रसारित किया गया। सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, निगमायुक्त हर्ष सिंह सहित शहर के जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने विभिन्न सेंटरों पर मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चरैवेति चरैवेति चरैवेति यानी चलते रहो-चलते रहो-चलते रहो।  उन्होंने कहा कि आज हम इसी चरैवेति चरैवेति की भावना के साथ मन की बात का 100वां एपिसोड पूरा कर रहे हैं। हर एपिसोड में देशवासियों के सेवा और सामर्थ्य ने दूसरों को प्रेरणा दी है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक तरह से मन की बात का हर एपिसोड अगले एपिसोड के लिए जमीन तैयार करता है। मन की बात हमेशा सद्भावना, सेवा-भावना और कर्तव्य-भावना से ही आगे बढ़ा है। 
उन्होंने कहा कि मेरा अटूट विश्वास है कि सामूहिक प्रयास से बड़े से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इस साल हम जहां आजादी के अमृतकाल में आगे बढ़ रहे हैं। वहीं जी-20 की अध्यक्षता भी कर रहे हैं। यह भी एक वजह है कि एजुकेशन के साथ-साथ डाइवर्स ग्लोबल कल्चर्स को समृद्ध करने के लिए हमारा संकल्प और मजबूत हुआ है।
वहीं पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के निवास स्थान हेम सिंह की पैरेड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात के 100 वें संस्करण कार्यक्रम को पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने ग्वालियर दक्षिण विधानसभा गुप्तेश्वर महादेव मंडल की समिति के सदस्यों प्रबुद्धजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनों के साथ सुना। इस अवसर पर सम्मानित वरिष्ठ जन मातृशक्ति बहने एवं जेस्ट श्रेष्ठ कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।