पेट्रोल की बचत कर पर्यावरण को बचाएं-डीआर तेनिवार

Apr 30 2023

ग्वालियर। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा सक्षम अभियान के अंतर्गत रविवार को कंपू स्थित 13 वीं वाहिनी भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के पेट्रोल पंप से साइकिल रैली को 13 वीं बटालिन के कमांडेंट डीआर तेनिवार एवं प्रादेशिक प्रबंधक बीपीसीएल राजकुमार यदु ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य अतिथि कमांडेंट तेनिवार ने कहा कि पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ द्वारा इस वर्ष पेट्रोल बचाओ नेट जीरो की ओर अभियान को लेकर रविवार को साइकिल रैली निकाली जा रही है। यह पेट्रोलियम पदार्थों को बचाने का अच्छा प्रयास है और रैली के माध्यम से क्षेत्र में जागरूकता उत्पन्न होगी। रैली कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर कंपू, आमखो बस स्टैंड अचलेश्वर, होते हुए 13वीं बटालियन पेट्रोल पंप पर समाप्त हुई। 
इस अवसर पर सभी साइकिल सवार एवं उपस्थित लोगों को मुख्य अतिथि एवं बीपीसीएल अधिकारियों द्वारा शपथ दिलाई गई कि हम सत्य निष्ठा से प्रतिज्ञा करते हैं कि अपने सभी कार्यों में पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण हेतु सतत प्रयासरत रहेंगे। ताकि देश की प्रगति के लिए आवश्यक इन सीमित संसाधनों की आपूर्ति अधिक समय तक संभव हो सके। आदर्श नागरिक होने के नाते, हम पेट्रोलियम पदार्थों के व्यर्थ उपयोग  को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि आगे आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर वातावरण सुनिश्चित कर, एक नए व स्वस्थ भारत का निर्माण कर सकें। इस अवसर पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पवन मीना,  विजय गौतम  सहित बीपीसीएल एवं पेट्रोल पंप के कर्मचारी उपस्थित थे।