बुलट पर स्टंट करने वाले युवक बुलट जब्त कर कार्रवाई की

Apr 29 2023

ग्वालियर। बुलट पर स्टंटबाजी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। जिसमें एक युवक बुलट के आगे मडगार्ड पर बैठा है, उसके तीन दोस्त पीछे बैठे हैं और चलती बुलट पर हंगामा कर रहे हैं। यह वीडियो फूलबाग रोड का है, जिसे एक राहगीर ने ही अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया। इस वीडियो के बहुप्रसारित होने पर पुलिस एक युवक तक पहुंच गई। जिसकी बुलट थी। यह मूर्तिकार का 19 वर्षीय बेटा निकला, जब उसके घर ट्रैफिक पुलिस ने दस्तक दी तो उसके परिजन बोले साहब यह बुलट जब्त कर लो, बेटे को भी ले जाओ। बस इसे सुधार दो। पुलिस ने बुलट जब्त कर ली है, इन चारों युवकों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है। तीन दोस्त नहीं पकड़े गए हैं। 
एएसपी ट्रैफिक ऋषिकेष मीणा ने बताया कि जब वीडियो सामने आया तो इसकी पड़ताल में डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया को लगाया। डीएसपी ने जब वीडियो देखा तो पता लगा कि बुलट पर पीछे बैठे एक युवक को दो अप्रैल को भी पकड़ा गया था। उसे गुरुद्वारे के पास पकड़ा था, जिसमें वह तीन सवारी के साथ बुलट चलाता पकड़ा गया था। चालान का रिकार्ड खंगाला तो उसका नाम और पता मिल गया। इस युवक का नाम त्रिलोक माहौर है, उसके पिता नानक माहौर मूर्तिकार हैं। जब उसके घर पहुंचे तो बुलट मिल गई। उसके परिजनों ने उसे भी बुला लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की तो बोला बुलट तो उसकी थी, लेकिन वह चला नहीं रहा था। रास्ते में उसके तीन दोस्त मिले, जो जबरन बुलट पर बैठ गए।
वहीं ई-रिक्शा की छत पर बैठकर वीडियो काल कर रहे युवक की ई-रिक्शा के पीछे चल रहे बाइक सवार ने मोबाइल में वीडियो रिकार्ड कर लिया। यह घटना बीती रात की है। इसमें यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है।