नवविवाहिता की इलाज के दौरान मौत,नाराज परिजनों ने अस्पताल में की तोडफ़ोड़

Apr 28 2023

ग्वालियर। बच्चे को जन्म देने के बाद इलाज के दौरान एक नवविवाहिता की मौत हो गई। नवविवाहिता की मौत की खबर लगते ही नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोडफ़ोड़ की हंगामे का पता चलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाकर नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया वहीं परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर शव को बंधक बनाने के साथ ही इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामले को शांत करा दिया।
बता दें कि ग्वालियर की कोटेश्वर मंदिर इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता विनीता गोस्वामी की 6 फरवरी 2022 को राहुल गोस्वामी से शादी हुई थी, नवविवाहिता शादी के बाद प्रेग्नेंट हुई। प्रेगनेंसी होने के चलते डॉक्टरों द्वारा उसे 9 मई 2023 डिलीवरी की डेट दी गई थी लेकिन इसी बीच वह एमएलबी कॉलोनी में संचालित कल्याण हॉस्पिटल में रूटीन चेकअप के लिए गई हुई थी, तभी डॉक्टरों को बच्चे की धडक़न कम होने की स्थिति नजर आने पर उसे 25 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती किया गया था, और उसी दिन ही विनीता की डिलीवरी ऑपरेशन के जरिए की गई। इस दौरान उसे एक प्री-मेचुअर लडक़ी हुई थी। लेकिन विनीता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की जानकारी लगते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा करते हुए परिसर में तोडफ़ोड़ की और अस्पताल प्रबंधन पर विनीता के शव को बंधक बनाने के साथ ही इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया हंगामा बढऩे पर पड़ाव थाना पुलिस के आला अधिकारी और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के आरोप पर तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा रिपोर्ट तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया।
इस मामले में अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि विनीता को किडनी से जुड़ी परेशानी थी जो डिलीवरी के बाद और ज्यादा बढ़ गई यही वजह रही कि उसे 2 दिन तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखते हुए डायलिसिस की जा रही थी। लेकिन मरीज की हालत खराब होने पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
मृतका की ननंद शशि का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के चलते ही विनीता की मौत हुई है परिजनों ने अस्पताल को सील करने के साथ डॉक्टरों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज करने की मांग की है।
मौके पर पहुंचे सीएसपी विजय भदौरिया का कहना है कि मरीज की मौत इलाज के दौरान हुई है ऐसे में तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर बॉडी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं मेडिकल एक्सपर्ट के जरिए मरीज को 2 दिन तक दिए गए इलाज के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। ऐसे में एक्सपर्ट की राय और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे एक्शन लेगी फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू की जा रही है।