20 मिनट में बिना हेलमेट के पकड़े 22 पुलिसकर्मी

Apr 25 2023

ग्वालियर। मंगलवार को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को नियमों का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस खुद ही नियमों में उलझी नजर आई। ग्वालियर पुलिस लाइन, एसपी ऑफिस में अचानक की गई वाहन चेकिंग में 20 मिनट में 50 से ज्यादा वाहन चालक पकड़े हैं, इनमें 22 पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के पकड़े गए हैं। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने वर्दी का जादू चलाने का प्रयास किया, लेकिन एसपी राजेश चंदेल के सख्त आदेश के सामने यह जादू चला नहीं।
पुलिस कर्मियों को जुर्माना भरने के बाद ही आगे जाने दिया गया है। एसपी ऑफिस आने वाले लोगों को भी समझाइश दी गई है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान काफी बाहरी लोग आए थे। जिनकी आर्थिक स्थिति खराब थी उनको समझाया गया है।
डीएसपी यातायात बीएन प्रजापति व विक्रम सिंह कनपुरिया ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस लाइन गेट पर चेकिंग की गई। चेकिंग का उद्देश्य पुलिस लाइन में आने और जाने वालों से ट्रैफिक नियमों का पालन कराना था। कुछ ही देर में यहां पर महिला पुलिसकर्मी सहित दस पुलिसकर्मी बिना हेलमेट लगाए हुए पकड़े गए, जिनसे चालान की राशि जमा कराई गई। साथ ही हिदायत दी गई है कि अगली बार बिना हेलमेट के वाहन न चलाएं। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने एसपी ऑफिस के गेट पर भी वाहन चेकिंग की है। यहां 20 मिनट में आधा सैकड़ा वाहन के चालक बिना हेलमेट के पकड़े गए हैं। इनमें 22 पुलिसकर्मी शामिल हैं। मंगलवार को जनसुनवाई होने के चलते कई बाहरी लोग भी बिना हेलमेट आने पर पकड़े गए हैं। बिना हेलमेट पकड़े गए पुलिस कर्मियों ने अपनी वर्दी का रौब दिखाना चाहा, लेकिन वो चला नहीं। चालान की राशि पुलिस को देने के बाद ही वह अंदर जा सके।
दस मिनट में ही लग गए हेलमेट
पुलिस लाइन गेट और एसपी ऑफिस ग्वालियर पर चेकिंग चलने और पुलिस कर्मियों के चालान होने का पता चलते ही एसपी ऑफिस और लाइन मेें हडक़ंप मच गया। जिस एसपी ऑफिस, पुलिस लाइन में आना जाना था वह हेलमेट लगाकर ही आया और गया है। 10 मिनट में पुलिस जवानों के सिर पर हेलमेट नजर आने लगे।
अफसरों की माने तो यह अभियान अब लगातार चलेगा और वर्दी में मौजूद पुलिस कर्मियों को भी रोक कर चेकिंग की जाएगी। जिससे पुलिसकर्मी भी यातायात नियमों की अनदेखी ना कर पाएंगे। साथ ही पुलिस वालों पर भी पुलिस जब चालान करेगी तो शहर के अन्य लोगों में अच्छा मैसेज जाएगा।
आरआई रंजीत सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करने के लिए पूर्व में ही आदेश निकाला गया है और पुलिस लाइन में यातायात नियमों का पालन करने के लिए निर्देश व बैनर लगाए गए हंै। लाइन में जो भी पुलिसकर्मी बगैर हेलमेट या नियमों का पालन नहीं करता मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि यातायात नियम सभी के लिए समान है, नियमों का पालन सभी को करना है। नियम तोडऩे नहीं दिए जाएंगे। यह कार्रवाई आगे भी चलेगी।