भगवान परशुराम प्राकट्योत्सव मना

Apr 22 2023

ग्वालियर। शहर में शनिवार को सुबह से ही हर जगह धर्म की बयार बह रही है। परशुराम जयंती पर शनिवार को शहर में विभिन्न संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जहां सकल हिन्दू समाज द्वारा भगवान परशुराम की पालकी निकाली गई, वहीं परशुराम मंदिर में फूल बंगला सजाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक एवं महा आरती की गई। 
भगवान परशुराम पालकी समिति ने सुबह 7 बजे नई सडक़ स्थित 100 साल पुराने परशुराम परिवार मंदिर से फूलों से सुसज्जित पालकी में भगवान परशुराम को विराजमान कर सकल हिन्दू समाज द्वारा शोभा यात्रा निकाली, जिसमें बीस से अधिक समाज की भागीदारी व ब्राह्मण उपवर्ग व संगठनों के साथ महापौर शोभा सिकरवार परशुराम अमृत कलश सिर पर धारण करके निकलीं। पार्षद संजय सिंघल ने पालकी के लिए फूलों का गलीचा बिछा कर 251 भक्तों को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। ब्राह्मण युवक युवती परिचय सम्मेलन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज के मार्गदर्शन में तिथि पर ही मनाएंगे त्योहार के संकल्प के बाद ब्राह्मण समाज में आई जाग्रति से शनिवार को ग्वालियर में परशुराम प्राकट्योत्सव पर निकली पालकी यात्रा में आगे -आगे भगवान परशुराम की कर्मस्थली जमदारा से लाया अमृत के 351 कलशों को मय रुद्राक्ष के सिर पर पीले वस्त्र धारण करके महिलाएं चल रही थीं। 
मथुरा के साईं शक्ति रासलीला मंडल द्वारा रथों पर सवार भगवान विष्णु की झांकी के समक्ष भगवान विष्णु के अवतार, राधा-कृष्ण के साथ इस्कॉन मंदिर के भक्तों के साथ मथुरा से आए साधकों मनमोहक नृत्य करते हुए चल रहे थे। पालकी का इंदरगंज चौराहे पर विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने ब्राह्मण समाज के लोगों को फरसा भेंट कर स्वागत किया। यात्रा नई सडक़, गस्त का ताजिया, श्री राम मंदिर चौराहा, ऊंटपुल, हाईकोर्ट मार्ग पर शहीदों व क्राांतिकारियों के नाम पर बनाए गए शहीद द्वारों से होती हुई सनातन धर्म मंदिर पहुंची, जहां महाआरती हुई। 
पालकी यात्रा में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, बांस बोर्ड निगम के चेयरमैन घनश्याम पिरोनिया, विधायक प्रवीण पाठक, पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, रश्मि पवार शर्मा, राम पांडेय, चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द पाराशर, क्षत्रिय समाज से ब्रजेंद्र सिंह जादौन लालजी, राजेश ऐरन, तीरथ मिश्रा, राम नारायण मिश्रा, हेमंत शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, आदि शामिल थे। 
सजा फूल बंगला, शाम को महा आरती हुई
परशुराम जन्मोत्सव परशुरामेश्वर महादेव मन्दिर सनाढ्य भवन के पास, गेंडे वाली सडक़ रामकुई पर मप्र सनाढ्य सभा एवं समस्त विप्रबृन्द द्वारा मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर में फूलबंगला सजाया गया वहीं सांय 6 बजे महाआरती व भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। परशुराम मंदिर घासमंडी मुरार में ब्राह्मण सभा मुरार द्वारा सुबह 8 बजे भगवान परशुराम का दूध- दही से अभिषेक ग्यारह वेदाचार्योंं द्वारा मंत्रोच्चारण कर किया गया।
रुद्राक्षों का किया वितरण
5101 रूद्राक्षो का वितरण संयोजक गिरिराज गुरु, तीरथ मिश्रा, प्रकाश नारायण शर्मा, रामनारायण मिश्रा, भूवनेश्वर सोनू बाजपेई, नितिन मिश्रा,  श्याम बाबू शर्मा, हेमंत शर्मा, रवीन्द्र नाथ नायक, रामनिवास पंडित, मुन्ना लाल शर्मा, अवनीश, अतुल कवीश्वर, रवि आनंद गौड़, संदीप शर्मा, मधुर शर्मा ने किया।