डबरा में एसडीएम ने गिट्टी के 5 डंपर जब्त कर बिलौआ थाने में रखवाए

Apr 21 2023

ग्वालियर। डबरा अनुविभाग में लगातार अवैध उत्खनन जारी है। चाहे फिर वह गिट्टी का उत्खनन हो या मिट्टी का या फिर बजरी का यहां पर माफिया लगातार अवैध उत्खनन किए जा रहे हैं। इसी को लेकर डबरा एसडीएम प्रखर सिंह ने बिना रॉयल्टी के गिट्टी से भरे हुए 5 डंपरों को पकडक़र बिलौआ थाने में रखवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डबरा एसडीएम प्रखर सिंह को सूचना प्राप्त हुई थी कि बिलौआ क्षेत्र में संचालित क्रेशर खदानों से 5 गिट्टी से भरे हुए डंपर बिना रॉयल्टी के निकल रहे हैं। सूचना मिलते ही डबरा एसडीएम प्रखर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और चेकिंग प्रारंभ कर दी। डंपर आते हुए उन्हें दिखे तो उन्होंने उन्हें रोका और उनसे दस्तावेज मांगे तो वह रॉयल्टी नहीं दिखा सके। जिस पर एसडीएम ने पांचों डंपरों को पकडक़र बिलौआ थाने में रखवा दिया व मामला भी दर्ज कराया है। पूरी कार्रवाई में उनके साथ नायब तहसीलदार दिव्य दर्शन शर्मा मौजूद रहे।
दरअसल बिलौआ क्षेत्र में काफी संख्या में क्रेशर खदाने संचालित होती हैं। जिनसे गिट्टी का परिवहन करने वाले वाहन बिना रॉयल्टी के निकलते हैं, कई बार प्रशासन कार्रवाई भी करता है, लेकिन फिर भी माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। गत देर रात एसडीएम को सूचना मिली तो वह बिलौआ क्षेत्र में पहुंचे और बिना रॉयल्टी के निकल रहे पांच डंपरों को पकड़ा गया।
मामले में एसडीएम प्रखर सिंह का कहना है कि सूचना प्राप्त हुई थी की से बिलौआ क्रेशर मार्केट से कुछ वाहन बिना रॉयल्टी के गिट्टी का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो डंपर आते हुए दिखे। जिन्हें रोककर दस्तावेज चेक किए तो वह पांचों डंपर बिना रॉयल्टी के निकले जिनकों पकडक़र बिलौआ थाने में रखवाया गया है व मामला भी दर्ज कराया गया है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।