भीषण गर्मी में स्कूलों का समय बदला 12 बजे के बाद नहीं लगेंगे स्कूल

Apr 19 2023

ग्वालियर। भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। दिन का पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस जा रहा है तो रात को भी राहत नहीं है। यही कारण हैं कि प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। अब 12 बजे के बाद स्कूल नहीं लगेंगे। इतना ही नहीं छोटी क्लास जेसे एलकेजी, यूकेजी से लेकर दूसरी कक्षा तक के बच्चों 11 बजे ही छुट्टी करनी होगी। ऐसा बच्चों को अप्रैल में हर दिन के साथ बढ़ रही गर्मी से बचाने के लिए किया जा रहा है। गर्मी के तेवर ऐसे ही चले तो ग्रीष्म कालीन अवकाश की घोषणा भी जल्द हो सकती है
ग्वालियर-चंबल अंचल में गर्मी का सितम शुरू हो गया है। अप्रैल का महीना शुरू होते ही गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। हर दिन के साथ पारा उछाल मार रहा है। ऐसे में स्कूलों में पढऩे वाले नन्हें मुन्ने धूप से बेहाल हो जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ग्वालियर अक्षय कुमार सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों में अब 12 बजे के बाद कक्षाएं नहीं लगेंगी। मतलब अब 12 से पहले ही स्कूल प्रबंधन को छुट्टी करनी होगी। छोटी क्लास जैसे एलकेजी, यूकेजी फस्र्ट व सेकेंड क्लास का समय सुबह 7.30 से सुबह 11 बजे तक का रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी ग्वालियर में तापमान दिन में 41 और 42 डिग्री सेल्सियस के बीच में बना हुआ है। यदि तापमान बढ़ता है तो यह साफ है कि समय से पहले स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की जाएगी। ग्वालियर में हर साल गर्मी के रफ्तार पकड़ते ही ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की जाती है।
मौसम विभाग की माने तो अब गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को हल्के बादल होने से पारा 41 और 42 डिग्री सेल्सियस के बीच में ठहर गया था। पर आने वाले तीन से चार दिन में पारा तेजी से उछाल मारेगा। तापमान 45 के आसपास पहुंच जाएगा। सडक़ों पर दोपहर के समय धूप इतनी तेज होगी की ट्रैफिक का लोड आधे से भी कम रह जाएगा।