गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, सडक़ों पर पसरा सन्नाटा

Apr 18 2023

ग्वालियर। राजस्थान की ओर से आ रही गर्मी ने मौसम में बदलाव कर दिया और धीरे-धीरे गर्मी असहनीय होती जा रही है। भीषण ने आमजन को परेशान कर दिया है। सुबह से ही सूर्यदेव की तपिश लोगों को परेशान करने लगती है और दोपहर बारह बजे तक सडक़ों, बाजारों और दफ्तरों में सन्नाटा सा पसर जाता है। अहम बात यह है कि इसका असर बाजारों के साथ-साथ दफ्तरों पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर बारह बजे तक दफ्तरों और घरों में लोग कूलर और एसी का सहारा लेकर गर्मी से निजात पाने का प्रयास कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है मौसम कब कैसा हो जाए कहना मुश्किल ही नहीं बल्कि असंभव है और यही हाल इन दिनों मौसम का है। अभी चार-पांच दिन पहले तक जहां लोग आसानी के साथ पंखे में दिनरात काट रहे थे वहीं अब नजारा बिल्कुल अलग है और राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं ने मौसम को बदल दिया और गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। अहम बात यह है कि मौसम का यह हाल धीरे-धीरे लोगों को असहनीय होता जा रहा है।
गर्मी से बचने के लिए लोग अपने जरूरी कामकाज सुबह दस-ग्यारह बजे तक निपटा लेते हैं और सीधे घरों पर पहुंचकर ठंडक में गर्मी से निजात पाने के प्रयास करते हैं। हालांकि इस बार गर्मी ने थोड़ा बिलंब से दस्तक दी और मार्च के महीने में लोगों को मिश्रित मौसम का अहसास कराया। फरवरी के महीने में जरूर कुछ दिन गर्मी ने तेवर दिखाए और लोगों को ऐसा लगा कि इस बार गर्मी प्रचंड रूप लेगी लेकिन मार्च के महीने में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला और कभी गर्मी तो कभी बारिश और बूंदा-बांदी के कारण लोगों को गर्मी का असर देखने को मिला। लेकिन पिछले तीन-चार दिन से राजस्थान की ओर से चलीं गर्म हवाओं ने अंचल का मौसम पूरी तरह से बदलकर रख दिया और लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया। 
अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में जिस प्रकार से सूर्यदेंव ने एंट्री मारी है उससे उससे लगने लगा कि इस बार आने वाले दिनों में गर्मी अपनास रौद्र रूप दिखाएगी और कूलर-एसी भी फैल हो जाएंगे।
गर्मी का असर जहां बाजारों में देखने को मिल रहा है वहीं दूसरी ओर इसका असर शासकीय और अशासकीय दफ्तरों में भी देखने को मिल रहा है और दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की न के बराबर उपस्थिति देखने को मिल रही है। जो अधिकारी-कर्मचारी आ भी रहे हैं वह भी कूलर और एसी में बैठकर गर्मी से निजात पाने में जुटे हुए हैं। एक तरह से दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा है।
गर्मी से निजात पाने के लिए लोग गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक आदि का सहारा ले रहे हैं जिसके कारण गन्ने के जूस की दुकानों और कोल्ड ड्रिंक आदि की दुकानों पर दिनभर अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। देररात तक लोग असहनीय गर्मी से निजात पाने के लिए तरह-तरह के प्रयास करने में जुटे हुए हैं।