बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर गोली चलाने वाला पकड़ा

Apr 17 2023

ग्वालियर। हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे बजरंगदल कार्यकर्ताओं को जान से मारने के लिए फायरिंग करने वाले एक आरोपी को जनकगंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ लिया है। अभी इसके तीन अन्य साथी फरार है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है। 
टीआई जनकगंज आलोक परिहार ने बताया कि गैंडे वाली सडक़ निवासी सचिन राजपूत पुत्र किशोर राजपूत बजरंग दल कार्यकर्ता है और बीती पांच अप्रैल को वह गेंडे वाली सडक़ पर हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियों के लिए बैठक कर रहे थे, इसी बीच एक बाइक से आए चार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।
बदमाशों की तलाश के लिए एसआई अजीम अंसारी, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र तोमर, कौशलेश शर्मा, प्रवीण शर्मा, आरक्षक मुरारी शर्मा व गिरिजा शंकर मुदगल को लगाया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बदमाशों की पहचान हुई और पुलिस ने दो दिन की तलाश के बाद आरोपी आकाश झा को पकड़ लिया। आकाश से हुई पूछताछ में पता चला कि उसके साथ वारदात में आकाश तोमर, आकाश पाठक उर्फ आंशू तथा रितिक राठौर शामिल थे। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।