गुम मोबाइल मिलने पर आवेदको के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Apr 17 2023

ग्वालियर। एएसपी क्राईम राजेश डण्डौतिया को प्रतिदिन मोबाइल गुम होने संबधी आवेदन प्राप्त हो रहे थे। एएसपी क्राईम राजेश ने चोरी गए मोबाइलों को सायबर सेल ग्वालियर की टीम से टेस कराकर उनकी शीघ्र बरामदगी कराने हेतु निर्देशित दिया।  
थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार एवं प्रभारी सायबर सेल उपनिरीक्षक श्रीमती रजनी सिंह रघुवंशी द्वारा मोबाइल गुम होने संबधी प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने हेतु सायबर सेल की टीम को लगाया गया। सायबर सेल टीम द्वारा उक्त आवेदनों पर सख्त कार्यवाही करते हुये विभिन्न कम्पनियों के 101 मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। सायबर सेल की टीम ने माह मार्च-अप्रेल 2023 में लगभग 23 लाख 18 हजार रूपये कीमत के 101 मोबाइल बरामद किये जो कि एप्पल, ओपो, वनप्लस, सेमसंग, वीवो, टेक्नो, रेडमी, रीयलमी, एमआई आदि कंपनियों के है। 
उक्त बरामद मोबाइलों को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों व सायबर सेल की टीम द्वारा पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में आयोजित प्रेस-कॉफ्रेंस मेें मोबाइल मालिकों को सुपुर्द किया गया। बरामद किये गये उक्त मोबाइल बाल विकास अधिकारी, टीचर, दुकानदार, वकील, ट्रैक्टर ड्राइवर, ऑटो चालक, सेन्ट्रल जेल के कर्मचारी, स्टूडेंट, इंजीनियर, पुलिस जवान, मजदूर, चौकीदार, गृहणी, रिटायर्ड कर्मचारी/अधिकारी, प्राईवेट जॉब, बुर्जुग, मूर्तिकार व किसान आदि के थे। जिन्हे पुलिस अधिकारियों द्वारा उन्हे प्रदान किया गया। उक्त सभी मोबाइलों ग्वालियर, भिण्ड, मुरैना, शिवपुरी, दतिया, झाँसी, अलीगढ़, एटा, दिल्ली, बिहार, राजस्थान आदि स्थानों से ट्रेस किया जाकर बरामद किये गये थे। मोबाइल वापस मिलने पर सभी मोबाइल धारकों के चेहरे पर पुन: मुस्कान लौट आई। एसपी राजेश चंदेल ने सायबर सेल की टीम को उक्त सराहनीय कार्य हेतु पुरष्कृत करने की घोषणा की है।