संविदाकर्मियों ने मंत्रियों को सौंपे ज्ञापन

Apr 16 2023

ग्वालियर। एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित करने तथा शेष कर्मचारियों को 5 जून 2018 को सामान्य प्रशासन द्वारा पारित की गई नई नीति के अनुसार नियमित कर्मचारियों के समान 90 प्रतिशत वेतनमान दिए जाने की मांग को लेकर रविवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा तथा लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ.प्रभुराम चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे अपनी मांगों को लगातार शासन के समख रखते आ रहे हैं लेकिन शासन द्वारा उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। इस कारण कर्मचारी हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि संघ 18 अप्रैल से प्रदेश के सभी जिलों में क्रमिक भूख हड़ताल प्रारंभ कर रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष धर्मवीर शुक्ला, कोमल सिंह सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित थे।