अजाक्स ने समाज कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित

Apr 14 2023

ग्वालियर। अजाक्स कार्यालय सामाजिक समरसता का केंद्र है। आपके हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रांगण का उन्नयन करने के साथ-साथ अम्बेडकर भवन के लिए मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मांग करूंगा। यह बात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को अजाक्स द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर थाटीपुर स्थित कार्यालय पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद कार्यक्रम संयोजक अजाक्स के जिलाध्यक्ष मुकेश मौर्य ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुन्नालाल गोयल ने मांग रखी कि अजाक्स कार्यालय में आंबेडकर भवन बनाया जाए। मुख्य अतिथि श्री तोमर ने मंच पर उपस्थित कलेक्टर को प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। मुख्य वक्ता के रूप में मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र थे। 
विशिष्ट अतिथि घनश्याम पिरोनिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़, कलेक्टर अक्षय सिंह, एसपी राजेश सिंह चंदेल ने संबोधित किया। इसके साथ ही एचबी शर्मा, राजीव गुप्ता, प्रवीण अग्रवाल, बसंत खरे, वंदना अहिरवार व केआरजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एमआर कौशल मंचासीन रहे। इस दौरान ताइक्वांडो के विद्यार्थियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन दिखाया। वहीं आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां बांटी गईं। अंत में समाज कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीति पांडेय ने एवं आभार मनोहर कटारिया ने व्यक्त किया।