शहरवासियों ने दी बाबा साहेब को पुष्पांजलि, समता भोज भी हुआ

Apr 14 2023

ग्वालियर। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर पूरा शहर अम्बेडक़र मय हो गया है। शहर में धूमधाम के साथ भीमराम अम्बेडक़र जयंती मनाई गई। अम्बेडक़र जयंती के मौके पर शुक्रवार सुबह से ही रैलियां, जुलूस निकाले गए। यह रैलियां फूलबाग स्थित अंबेडकर उद्यान पहुंची। यहां बाबा साहब को सभी ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया है जबकि कांग्रेस ने अंबेडकर उद्यान सहित शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर बाबा साहब की याद में कार्यक्रम किए। अंबेडकर उद्यान में आयोजित समता भोज में 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है, यहां सुबह से ही भोज शुरू हो गया। इस अवसर पर नगर निगम ने शहर के 14 पार्कों को चकाचक करते हुए इनमें सजावट की थी। पार्कों में विद्युत की सजावट के साथ ही डॉ.अंबेडकर उद्यान को फूलों से सजाया है।
भाजपा ने अंबेडकर जयंती पर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पुष्पांजलि सभा का आयोजन कर भारत रत्न बाबा साहब को याद किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने डॉ.अंबेडकर के योगदान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा द्वारा देश को दिया संविधान देश का मुख्य ग्रंथ है। भाजपा के जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, राकेश जादौन, अशोक जादौन, कमल मााख्ीजानी, लालजी जादौन, देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, सुमन शर्मा, सुधीर गुप्ता, अरुण कुलश्रेष्ठ, कनवर किशोर मंगलानी, संतोष गोडयाले, रेशू राजावत, गिरीजा गर्ग जाटव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
समता भोज में हजारों लोगों ने लिया प्रसाद
शहर जिला कांग्रेस द्वारा अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। महापौर डॉ.शोभा सिकरवार, जिलाध्यक्ष डॉ.देवेन्द्र शर्मा, विधायक डॉ.सतीश सिंह सिकरवार, प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा, प्रभुदयाल जौहरे, वरिष्ठ नेता महाराज सिंह पटेल सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सुबह अंबेडकर उद्यान पहुंचकर संविधान निर्माता डॉक्टर बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि भीमराव अंबेडकर ने समाज को जो दिशा दी है हमें उस पर चलने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डॉ.बाबा साहब के सिद्धांत पर चल रही है। इस अवसर पर सुबह से यहां समता भोज का आयोजन किया गया है जो देर रात तक चला। भोज में हजारों लोग शामिल हुए। विधायक डॉ.सतीश सिंह सिकरवार द्वारा विधानसभा क्षेत्र में 14 स्थानों पर भीमराम अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अजाक्स ने समाजसेवियों को सम्मानित किया 
अजाक्स के तत्वाधान में थाटीपुर स्थित अजाक्स प्रांगण में सुबह सद्भावना सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ.भीमराव अंबेडकर ने देश को जो धरोहर दी है उसके प्रति प्रत्येक भारतवासी उनके प्रति कृतज्ञ है। इस अवसर पर अजाक्स के जिलाध्यक्ष मुकेश मौर्य, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल उपस्थित थे। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गई।
बहुजन समाज पार्टी ने भी भीमराव अम्बेडक़र की जयंती के मौके पर कार्यक्रम किए हैं। बसपा के जिलाध्यक्ष दिनेश मौर्य, महासचिव मानसिंह चौकोटिया, नारायण जाटव सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुबह अंबेडकर उद्यान में जाकर पुष्पांजलि अर्पित की।