बैसाखी पर्व पर गुरुद्वारा फूलबाग में अमेरिका से आए रागी जत्था ने कीर्तन किया

Apr 13 2023

ग्वालियर। खालसा साजना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा फूलबाग में तीन दिवसीय बैसाखी पर्व गत बुधवार से आयोजित किया जा रहा है। बैसाखी पर्व की इस बार खासियत यह है कि पहली बार यहां अमेरिका से रागी जत्था आया है। बीते दिवस बुधवार को अखंड पाठ साहिब प्रारंभ हुआ, जिसका भोग आज शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे लगेगा। इस अवसर पर सिख संगत में मत्था टेका और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
गुरुद्वारा फूलबाग के प्रधान एचएस कोचर, मैनेजर बलजीत सिंह ने बताया कि गुरूवार शाम 7 से रात 10 बजे तक कीर्तन दरबार सजा। आज शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे अखंड पाठ साहब का भोग लगेगा एवं आरती व कीर्तन होगा जो सुबह 9.30 बजे तक चलेगा। तत्पश्चात सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कीर्तन दरबार सजाया जाएगा जिसके साथ लंगर चलेगा। कीर्तन दरबार में हजूरी रागी जत्था फूलबाग गुरुद्वारा के साथ भाई गुरबख्श सिंह अमेरिका वाले, भाई कुलविंदर सिंह गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ गुरु की महिमा का बखान करेंगे। कथाकार हजूरी ग्रंथी, जतिंदर सिंह और गुरजंट सिंह गुरु गोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डालेंगे।
गुरुद्वारा फूलबाग के प्रधान कोचर ने बताया कि आज से 324 साल पहले 1699 में सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह ने बैसाखी के दिन पंच प्यारों को अमृतपान कराकर खालसा पंथ की स्थापना की थी। तभी से पंज प्यारे की परंपरा सिख समाज निभाता आ रहा है।