जनता की सेवा करना मेरा लक्ष्य-सिंधिया

Apr 07 2023

ग्वालियर। दो दिवसीय प्रवास पर आए केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने मुख्यमंत्री बनने के नेता प्रतिपक्ष के बयान पर कहा है कि मैं और जो-जो लोग इस परिवार (सिंधिया परिवार) को करीब से जानते है, चाहे वह कांग्रेस में रहे हों या बीजेपी में रहे हों। मेरी दादी (स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया) रही हों, मेरे पूज्य पिताजी (स्व. माधवराव सिंधिया) रहे हों। हमारी एक ही सोच है एक ही विचार धारा है। जनता का विकास, जनता की सेवा और एक सेवक के रूप में कार्य करने की। उसी मंशा के साथ 20 वर्ष मैंने काम किया है। ग्वालियर की जनता के आशीर्वाद से मरते दम तक इसी तरह कार्य करता रहूंगा। एयरपोर्ट पर  जानकारी देते हुए बताया कि एलिवेटेड रोड का काम तेजी से आगे चल बढ़ रहा है अब दूसरे फेस का काम शुरू होने वाला है। जल्द ही दिल्ली की रिंग रोड की तर्ज पर ग्वालियर में स्वर्ण रेखा नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार सुबह 11.30 बजे फ्लाइट के जरिए दिल्ली से ग्वालियर पहुंचे हैं। दो दिवसीय प्रवास पर आए सिंधिया ग्वालियर शहर के साथ ही बिलौआ, डबरा, गिजोर्रा में कई सडक़ परियोजना व अन्य लोकार्पण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। 
ग्वालियर में एक दिन पहले सिंधिया पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने टिप्पणी की थी। गोविंद सिंह का कहना था कि सिंधिया को चार महीने के लिए मुख्यमंत्री बना दिया जाए। फिर चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस सरकार बनाएगी। ऐसे में उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। इसी स्टेटमेंट पर जब केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से पूछा गया तो सिंधिया ने कहा कि उनका उद्देश्य जनता की सेवा करना और विकास करना है। जो भी उनके परिवार को करीब से जानता है वह ऐसा नहीं कह सकता। मैं 20 साल से जनता की सेवा कर रहा हूं और मरते दम तक करुंगा।
ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने कहा कि एक महत्वपूर्ण योजना जो अन्नदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें मां रतनगढ़ सिंचाई योजना के लिए यहां के लोगों ने बहुत दिनों गुहार लगाई थी। 2250 करोड़ की योजना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी। इस सिंचाई की योजना के आधार पर एक तरफ भिंड, ग्वालियर, दतिया जिला की लाखों हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। ग्वालियर और सेवढ़ा के 215 गांव सीधे-सीधे प्रभावित होंगे।