हनुमान जन्मोत्सव पर लगे 56 भोग, सजा फूल बंगला

Apr 06 2023

ग्वालियर। शहर में हनुमान जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही, रामायण पाठ का विराम कर सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इसके साथ ही चल समारोह निकाले गए।
चल समारोह में हनुमान, वानर सेना और श्रीराम दरबार की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिरों में फूलबंगला सजाकर, हनुमान जी का दुग्धाभिषेक कर छप्पन भोग लगाए गए, हवन एवं भंडारे भी किए गए। जन्मोत्सव पर दिन भर मंदिर परिसर में मेला जैसा माहौल रहा। शहर के प्रमुख मंदिर मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, खेड़ापति, गरगज के हनुमान मंदिर, बालाजी मंदिर, संकटमोचन गेंदघर, धुआं के हनुमान, जौरासी के हनुमान, सेनापति हनुमान, तलवार वाले हनुमान मंदिर, रोकडिय़ा सरकार, रामसिया सरकार, महाराज बाड़ा हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, मदनमोहन मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी।
बालाजी धाम गरगज कॉलोनी में हनुमान महोत्सव पर आज अखंड रामायण पाठ का समापन हुआ। इसके साथ ही सुबह 6 बजे बालाजी सरकार का महा अभिषेक करके बैंड बाजों के साथ बाबा की आरती की गई। साथ ही दोपहर 1 बजे से बालाजी सरकार का सवामनी हवन प्रारंभ हुआ जो शाम 5 बजे तक चला। वहीं शाम 5 से विशाल भंडारा शुरु होकर रात तक चला। खेड़ापति हनुमान मंदिर में बुधवार-गुरुवार की रात को हनुमान जी का दूध से अभिषेक हुआ उसके बाद 56 भोग लगाकर फूल बंगला सजाया गया। पड़ाव स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर आकर्षक सजावट करके फूल बंगला सजाया गया। जन्मोत्सव पर दिन भर सुंदरकांड हुए और मंदिर परिसर में मेला जैसा माहौल रहा। 
इसी तरह धुआं के हनुमान मंदिर पर तीन दिन के मेले में बड़ी संख्या में भक्त हनुमान के दर्शन करने शहर व आसपास के क्षेत्र से पहुंचे। शहर के गरगज हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव सुबह 5.45 पर मनाया गया। इसके बाद सुंदरकांड व भजन दिन भर चले। आज शुक्रवार 7 अप्रैल को शाम पांच बजे से मंदिर से पालकी निकलेगी। यह बहोड़ापुर से भेलसे वाली माता पहुंचेगी और मंदिर वापस आएगी। 
रामबाग कॅालोनी स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में प्रेमभूषण महाराज की श्रीरामकथा का आयोजन किया जा रहा है, यहां हनुमान जी का श्रंगार एवं फूलबंगला सजाकर 56 भोग लगाए गए। वार्षिक भंडारा 10 अप्रैल को कथा के समापन के साथ होगा। यहां प्रमुख रूप से द्वारिकापीठ के जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती हनुमान महोत्सव में शामिल हुए। हनुमान धाम मंदिर गोलपाड़ा में सुबह हनुमान जी का पंचामृत से अभिषेक हुआ और चोला चढ़ाकर, श्रृंगार कर छप्पन भोग लगे। शाम छह बजे श्रीराम हनुमान जी रथयात्रा निकाली जाएगी। श्री सनातन धर्म मन्दिर में प्रात:5 बजे हनुमानजी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक कर चोला चढ़ाकर भव्य श्रंगार किया गया। सुबह 7 बजे से पण्डित देवकान्त शास्त्री द्वारा संगीतमय सुन्दकाण्ड का पाठ किया गया। सायंकाल 6 बजे से मन्दिर प्रांगण में प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।