नाश्ता कर रहे युवक की जेब से उड़ाए पच्चीस हजार

Apr 04 2023

ग्वालियर। इंदरगंज थाना क्षेत्रअन्तर्गत इंदरगंज चौराहे पर अपने पिता के इलाज के लिए मुरैना से आए युवक की जेब से किसी अज्ञात जेबकट ने पच्चीस हजार रुपए उड़ा दिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात जेबकट की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुरैना निवासी पूरन के पिता का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। मंगलवार सुबह वह अपने पिता को देखने के लिए आया था। इंदरगंज चौराहे पर अपने साथी के साथ नाश्ता कर रहा था इसी दौरान किसी ने उसकी जेब पर हाथ साफ कर दिया और जेब में रखे पच्चीस हजार रुपए उड़ा दिए। जब उसने नाश्ता करने के बाद पैसा देने के लिए जेब में हाथ डाला तो जेब से पैसे गायब मिले। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को मामला संदिग्ध नजर आ रहा है जिसके कारण पुलिस फरियादी और उसके साथी से पूछताछ कर रही है।