क्राइम ब्रांच ने इंदौर से 5-5 हजार के इनामी आरोपी दंपति व बेटा को पकड़ा

Apr 03 2023

ग्वालियर। भोले-भाले लोगों को ठगकर लाखों रुपए समेट कर फरार हुए धोखाधड़ी के आरोपी दंपति सतीश पुत्र गणेश कदम उम्र 56 साल, कमला पत्नी सतीश कदम उम्र 48 साल व उनके बेटे रजत पुत्र सतीश कदम निवासी लाइन नम्बर 4, थाना हजीरा को क्राइम ब्रांच ने इंदौर से पकड़ा है। पकड़े गए दंपति और उनके बेटे पर पांच-पाच हजार रुपए का इनाम घोषित है। क्राइम ब्रांच की टीम पकड़े गए आरोपियों को लेकर ग्वालियर आ गई है और पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि मल्टी स्टेट कंपनी बनाकर लोगों से मासिक किश्त जमा कराने के बाद जब रुपए लौटाने का समय आया तो आरोपी फरार हो गए थे। बीते रोज सूचना मिली थी कि ठगी के आरोपी इंदौर में छिपे हुए हैं। इसका पता चलते ही एक पुलिस टीम आरोपियों को पकडऩे के लिए बनाई और डीएसपी क्राइम शियाज केएम तथा संदीप मालवीय के साथ ही टीआई क्राइम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार, एएसआई दिनेश सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक दिनेश राजावत, आरक्षक विकास सिंह, पवन झा, योगेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र भदौरिया, आशीष शर्मा, आकाश पाण्डेय और महिला आरक्षक सक्षम दुबे को इंदौर रवाना किया। 
क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों के आलोक नगर स्थित घर पर पहुंची तब वे खाना खा रहे थे। टीम को देखते ही उनका खाना-पीना बंद हो गया तो अफसरों ने उन्हें इत्मीनान से खाना खाने को कहा और जैसे ही उन्होंने खाना खाया, क्राइम ब्रांच ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
ठगी के तीनों आरोपियों को पकडऩे के बाद क्राइम ब्रांच की टीम का एक बार इंदौर से जो सफर शुरू हुआ वह क्राइम ब्रांच के थाने आने पर ही रूका। इससे पहले ना तो क्राइम ब्रांच और ना ही आरोपियों ने रास्ते में किसी जगह रुकने का प्रयास किया।
पूछताछ में पता चला है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी दंपति व उनका बेटा हर माह नया मकान तलाश कर वहां पर रहता था और माह पूरा होने से पहले ही दूसरा मकान तलाश लेता था, इसके चलते ही वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहे थे। 
आपको बतादें कि आरोपियों ने उत्कल मल्टीस्टेट कंपनी बनाकर लोगों से कस्टमर बनाकर दो-दो हजार रुपए की किस्त जमा कराई और जब वापस करने का समय हुआ तो वह अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गए थे और उसके बाद कस्टमर ने उनके खिलाफ शिकायत की। शिकायत पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।