वंदे भारत में सफर कर यात्री हुए गदगद, महाकौशल एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया

Apr 03 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को भोपाल के कमलापति स्टेशन से चलकर सुबह 9.48 बजे ग्वालियर पहुंची। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद यह ट्रेन 9.50 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई। पहली बार यात्रा कर रहे यात्री इस ट्रेन में सफर से गदगद हो गए।
गत दिवस 2 अप्रैल को दिल्ली से 74 यात्रियों को लेकर यह ट्रेन ग्वालियर आई थी। गत दिवस ट्रेन की 50 फीसदी सीटें खाली थीं। ग्वालियर से यह ट्रेन 89 यात्रियों को लेकर भोपाल रवाना हुई थी। भोपाल से ट्रेन में 200 यात्री ग्वालियर आए। आगरा कैंट से लेकर हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के बीच यह ट्रेन 160 किलोमीटर की स्पीड़ से दौड़ी, जबकि झांसी से ग्वालियर तक 130 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ लगाते हुए ग्वालियर पहुंची। कमलापति
स्टेशन से सुबह 5.40 बजे ट्रेन प्रारंभ हुई जो ग्वालियर 4 घंटे 10 मिनट में पहुंची। यह ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन पर 11.30 बजे पहुंची और 1.10 पर निजामुद्दीन स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भोपाल के कमलापति स्टेशन से रवाना किया था। ग्वालियर पहुंचने पर ट्रेन का जोरदार स्वागत किया गया था। 
इस ट्रेन के कारण हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर महाकौशल एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। यह ट्रेन अब हजरत निजामुद्दीन से दोपहर 2.33 के बजाय 12.53 पर रवाना होगी। इस ट्रेन के कारण कुछ और ट्रेनों के समय में भी बदलाव हो सकता है।