बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, 5 साल के बच्चे सहित तीन लोग गंभीर घायल, ग्वालियर रेफर

Apr 03 2023

ग्वालियर। डबरा क्षेत्र में सोमवार को दो बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोग गंभीर घायल हो गए। इनमें एक 5 साल का बच्चा भी है। घायलों को डबरा सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया है। टक्कर डबरा-भितरवार रोड पर नोन नदी के पुल के पास हुई।
सडक़ हादसे में घायल ग्राम सिया निवासी वीरेंद्र बुंदेला की पत्नी की मौत कुछ दिनों पहले हो गई थी। इसके चलते उनकी साली मांडवी उनके घर पर थी। वह अपनी साली मांडवी और पांच साल के पुत्र शिवप्रताप को छोडऩे के लिए अपनी ससुराल बांसौड़ी जा रहे थे। उन्हें बाइक चलाना नहीं आता था, इसलिए अपने दोस्त विनोद गुप्ता को लेकर आए थे।
चारों बाइक से नोन नदी के पास पहुंचे तभी भितरवार की ओर से आ रही एक बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इससे चारों लोग सडक़ पर गिरे। विनोद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वह तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद तीनों की गंभीर हालत होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया।
टक्कर मारने के बाद बाइक चालक युवक अपनी बाइक को लेकर भाग गया। पुलिस ने फरियादी रक्षापाल सिंह पुत्र जगदीश सिंह परमार 30 निवासी ग्राम बासौंडी की शिकायत पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।