हजार बिस्तर के अस्पताल की लिफ्ट अटकी, दो लोग फंसे, कड़ी मशक्त के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें निकाला

Apr 03 2023

ग्वालियर। अंचल के सबसे बड़े अस्पताल हजार विस्तर वाला अस्पताल प्रारंभ होने से ही विवादों में रहा है और लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी उसकी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद नहीं किया गया जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला गत दिवस देखने को मिला जब हजार विस्तर वाले अस्पताल की ईएनटी विभाग के पास लगी लिफ्ट अचानक से खराब हो गई और दो लोग उसमें फंसे रह गए। जब लोगों के फंसे होने की जानकारी सुरक्षा गार्डों को मिली तो उन्होंने कड़ी मशकत करने के बाद उन्हें निकाला। लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। 
अहम बात यह है कि इतनी बड़ी अव्यवस्था होने के बाद भी अधीक्षक साहब इससे अनभिज्ञता जता रहे हैं और तो और जब इस संबंध में  संवाददाता ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके एस धाकड़ से चर्चा की तो उन्होंने पूरे घटनाक्रम से पल्ला झाड़ लिया और कह दिया कि मुझे जानकारी नहीं है। 
जिस खराब लिफ्ट में दो लोग फंसे हुए थे वह साफतौर पर परेशान नजर आ रहे थे पर अधीक्षक साहब को उनकी परेशानी तक नहीं बताई गई। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश सरकार चाहे कितने भी प्रयास करके लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की कवायत कर ले पर जब तक प्रबंधन ठोस कदम नहीं उठाएगी और अलर्ट मोड में नहीं आयेगा तब तक सारी व्यवस्थाएं फैल साबित होंगी। 
अहम बात यह है कि यह अस्पताल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए बनाया गया था ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य बड़े शहरों में न जाना पड़े और शहर में ही अंचलवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल जाएं पर सरकार की मंशा के विपरीत यहां लोगों के समक्ष परेशानियों का अंबार लगा हुआ है। और लोगों के समक्ष एक के बाद एक नई परेशानी आ रही है। कभी सुरक्षा को लेकर तो कभी सफाई को लेकर यह अस्पताल हर समय विवादों में राहा है। अब लिट में खराबी ने प्रबंधन की सारी पोल खोल दी।