आइएएस अधिकारी का डाग हाइवे से लापता, ढाबे और पेट्रोल पंप पर पोस्टर लगाए

Apr 03 2023

ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाइवे से दो दिन पहले मप्र कैडर के एक आइएएस अधिकारी का डाग लापता हो गया है। दो डाग को लेकर कार से कुछ लोग जा रहे थे, जब कार बिलौआ इलाके में ढाबे के पास रुकी तो दोनों भाग गए। कुछ देर तलाश की तो एक डाग तो मिल गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। इसकी सूचना पुलिस को भी मिली, जो लोग कार में सवार थे, उन्होंने बिलौआ थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने डाग की तलाश शुरू की। हाइवे पर ढाबों से लेकर पेट्रोल पंप और आसपास के गांव में तलाश की गई। यहां डाग के पोस्टर भी लगाए गए। फिलहाल डाग का कुछ पता नहीं लग सका है। डाग लापता होने और उसे ढूंढने को लेकर कई लोगों ने ट्वीट भी किया है।
बिलौआ थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि मप्र कैडर के एक आइएएस अधिकारी जो अभी दिल्ली में पदस्थ हैं। उनका सामान और दो डाग लेकर कुछ लोग कार से दिल्ली जा रहे थे। यह लोग हाइवे स्थित एक ढाबे पर रुके। इसी दौरान कार में सवार दोनों डाग भाग गए। एक डाग तो कुछ देर बाद मिल गया, लेकिन दूसरा अभी भी लापता है। थाना प्रभारी ने कहा कि जो लोग डाग के लापता होने की शिकायत लेकर आए थे, उनके साथ जाकर टीम ने तलाश की है। ढाबों, दुकान, पेट्रोल पंप पर भी सूचना दी है। यहां उन लोगों ने पोस्टर लगाए हैं। यहां बता दें कि डाग मप्र कैडर के आइएएस अधिकारी राहुल द्विवेदी का बताया जा रहा है, जो अभी दिल्ली में पदस्थ हैं। उनके भाई अनय द्विवेदी भी आइएएस अधिकारी हैं। वह ग्वालियर में निगमायुक्त रह चुके हैं। हालांकि थाना प्रभारी शाक्य से जब आइएएस अधिकारी का नाम पूछा तो वह बोले कि उन्हें यह नहीं पता।