मौसम में आये बदलाव के साथ अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़

Mar 31 2023

ग्वालियर। शहर के साथ-साथ अंचल भर में मौसम में आए बदलाव के कारण लोग विभिन्न मौसमी बीमारियों से संक्रमित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे हैं। हालात यह है कि अंचल के सबसे बड़े अस्पताल हजार बिस्तर वाले अस्पताल की ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। एक ओर जहां मौसम में आए बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों के चलते लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर कोरोना ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली जिसके कारण स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड में आ गया है।
उल्लेखनीय है कि अंचल में बार-बार बदल रहे मौसम और कभी गर्मी तो कभी बारिश और मौसम में आए बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों से ग्रसित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे हैं। अंचल के सबसे बड़े अस्पताल हजार विस्तर वाले अस्पताल की ओपीडी में सुबह से लेकर दोपहर तक मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं। अहम बात यह है कि इस बदलते मौसम में सबसे अधिक मरीज बुखार के साथ-साथ सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। इसका सबसे असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। 
सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ शहर के निजी अस्पतालों में भी अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है और चिकित्सकों को सुबह से लेकर देररात तक फुर्सत नहीं मिल रही। इतना ही नहीं बहुत से लोग तो झोलाछाप डाक्टर के पास ही पहुंच कर अपना उपचार करा रहे हैं और कुछ लोग ऐसे हैं जो अपने हिसाब से मेडीकल से दवा लेकर सर्दी, बुखार, जुकाम आदि से निजात पा रहे हैं।
कोरोना ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की चिंता
पिछले कुछ दिनों से देशभर में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मरीजों के कारण स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। लगभग 6 महीने बाद एक बार फिर से कोरोना ने पांव पसारना शुरू कर दिए जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने भी जरूरी एहितियात बरतना शुरू कर दिए हैं।