भगवान राम का हुआ जन्म, भक्तों ने मनाई खुशियां

Mar 30 2023

ग्वालियर। दिन में जैसे ही 12 बजे वैसे ही भगवान राम का जन्म हुआ और शहर के सभी राम मंदिरों आवाज आने लगी, भये प्रकट दीनदयाल, कौशल्या हितकारी। राम जन्म पर शहर के सभी मंदिरों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान के दर्शन करने के लिए लोग मंदिरों में पहुंच गए। राम जन्मोत्सव का प्रमुख आयोजन फालका बाजार में स्थित श्रीराम मंदिर में हुआ। ठीक 12 बजे महाआरती के साथ प्रभु श्रीराम के माता जानकी के साथ नयनभिराम दर्शन हुए।
सुबह नौ बजे भगवान श्रीराम व माता जानकी का अभिषेक के साथ पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद दोपहर को प्रभु श्रीराम व माता का विशेष श्रृंगार किया गया और मथुरा से मंगाई गई विशेष पौषाक धारण कराई गई और दोपहर 12 बजे महाआरती के साथ प्रकाटोत्सव मनाया गया। 
भगवान के जन्म पर शंख ध्वनि व बैंड-बाजे के साथ रामभक्त नाच-गाकर खुशियां मनाई। जन्मोत्सव पर एक क्विंटल सिंघाड़े के आटे की पंजीरी व चरणामृत का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को भगवान की झांकी सजी और भंडारे के प्रसाद वितरण किया गया। सनातन धर्म मंदिर के प्रधानमंत्री महेश नीखरा ने बताया कि रामनवमी का पर्व मंदिर में बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया। गुरुवार की सुबह नौ बजे संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ और भगवान चक्रधर का विशेष श्रृंगार किया गया।
कांच मिल में निकली विशाल वाहन रैली
कांचमिल में गुरुवार को भगवान श्री राम की विशाल वाहन रैली दोपहर 11 बजे से कांचमील से होकर तलवार वाले हनुमान मंदिर पर पहुंची। यह जानकारी रायल सुपर स्टार संस्था के अध्यक्ष रामलखन सिकरवार ने दी।