बोर्ड पैटर्न पर हो रहीं 5वी व 8वी की परीक्षाओं में कोई ढिलाई न हो-कलेक्टर

Mar 27 2023

ग्वालियर। बोर्ड पैटर्न पर आयोजित हो रहीं 5वी और 8वी की परीक्षाओं में कोई ढिलाई न हो। परीक्षाएँ सुव्यवस्थित ढंग से और पूर्णत: नकल रहित सम्पन्न हों। साथ ही परीक्षा कक्षों में बैठक व्यवस्था भी बेहतर रहे, जिससे बच्चे अच्छे वातावरण में बैठकर प्रश्नपत्र हल कर सकें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान केंद्राध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सोमवार को ठाठीपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5वी और 8वी की परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर डीपीसी रविन्द्र सिंह तोमर मौजूद थे।
कलेक्टर सिंह पंजीयन केन्द्रों के निरीक्षण पर पहुँचे
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत ऑनलाइन फॉर्म भरने और ई-केवायसी के काम में तेजी लाएँ। यह काम पूरी संवेदनशीलता और समर्पण भाव से करें। पंजीयन के लिए आने वाली महिलाओं को टोकन अवश्य दिए जायें, जिससे पंजीयन स्थल पर भीड़ जमा न हो और सुविधाजनक तरीके से फॉर्म अपलोड हो सकें। यह निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सोमवार की सुबह पंजीयन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सोमवार को प्रात:काल में ठाठीपुर व मुरार  क्षेत्र में पहुँचकर लाडली बहना के पंजीयन केन्द्रों और ई-केवायसी कार्य का जायजा लिया।