जेयू में आज आएगी नैक टीम, स्वागत में छात्राओं ने सजाई रंगोली

Mar 26 2023

ग्वालियर। जीवाजी यूनिवर्सिटी में आज सोमवार 27 मार्च से होने वाले तीन दिन के नैक निरीक्षण की तैयारियां आखिरी दौर में पहुंच गई हैं। निरीक्षण के लिए 6 सदस्यीय टीम रविवार देर शाम ग्वालियर पहुंची और आज सुबह निरीक्षण शुरू करेगी।
नैक टीम किस गेट से आएगी, शुरुआती तौर पर कैसे निरीक्षण करेगी। उन्हें जेयू की किन विशेषताओं के बारे में सबसे पहले बताया जाएगा, इसका रोडमैप तैयार कर लिया गया है। कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी इसे अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मृगनयनी छात्रावास की छात्राएं टीम के स्वागत के लिए आकर्षक रंगोली सजा रही हैं। सबसे पहले टीम का स्वागत राजमाता चौराहा स्थित यूनिवर्सिटी के मुख्य प्रवेश द्वार पर टीम का स्वागत किया जाएगा। वहां से टीम के सदस्यों को 8 सीटर इलेक्ट्रॅानिक व्हीकल में बैठाकर पहले मल्टी आर्ट कॉम्पलेक्स फिर स्वामी विवेकानंद उद्यान लाया जाएगा। यहां पर विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
उसके बाद टीम प्रशासनिक भवन पहुंचेगी जहां टीम के समक्ष कुलपति प्रो. तिवारी अपना प्रजेंटेशन देंगे। प्रजेंटेशन के बाद टीम के सदस्य दो भाग में बंटकर निरीक्षण शुरु करेंगे।
संभावना है कि पहले साइंस ब्लॉक अध्ययनशालाओं से निरीक्षण शुरु होगा उसके बाद खेल विभाग का निरीक्षण होगा। वहीं शाम को मल्टी आर्ट कॉम्प्लेक्स में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिस तरह की जेयू की तैयारियां हंै उससे ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जेयू में नैक निरीक्षण 27 से 29 मार्च तक चलेगा। उल्लेखनीय है कि जेयू में नैक निरीक्षण पिछली बार वर्ष 2015 में हुआ था, उसके बाद 2020 में कोरोना के कारण निरीक्षण टल गया था। 
28 मार्च को टीम पूर्व छात्रों से इंटरैक्ट करेगी। इसके लिए अध्ययनशाला के पूर्व छात्रों को मैसेज कर 3 बजे टण्डन सभागार में उपस्थित रहने को कहा गया है।
नैक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक भवन के सामने किसी भी तरह के वाहन खड़े नहीं किए जाएंगे , इसके लिए भौतिकी अध्ययनशाला के सामने अलग-अलग व्यवस्था की गई है। 
जिस ईवी वाहन में टीम कैंपस का भ्रमण करेगी उसका कुलपति ने ईसी एवं फैकल्टी मेंबरों को बैठाकर ट्रायल लिया।