डीआरपी लाइन में स्मार्ट क्लासरूम का किया लोकार्पण

Mar 26 2023

ग्वालियर। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किए जा रहे स्मार्ट क्लासों की कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीआरपी लाइन में भी स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं जीडीसीए के उपाध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया व आशीष प्रताप सिंह राठौड़ की उपस्थिति में किया गया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस मौके पर छात्रों से कहा कि अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिये लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अध्ययन करें। सच्ची लगन और मेहनत कभी भी विफल नहीं होती है। छात्रों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपनी वाणी पर हमेशा संयम रखना चाहिए। अच्छा बोलने से लोग जुड़ते हैं और खराब बोल से लोग नाराज हो जाते हैं। ऊर्जा मंत्री तोमर ने स्कूल की छात्रा छाया चौहान को मंत्री स्वेच्छानिधि से 40 हजार रुपए की सहायता देने की भी घोषणा की। 
जीडीसीए के उपाध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने छात्रों से विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि डीआरपी लाईन स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम की सौगात मिली है। यहाँ के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपने अध्ययन को और बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में हर विद्यार्थी को अपना लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करना चाहिए। छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्नों पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का कोई न कोई रोल मॉडल होता है। हर व्यक्ति का रोल मॉडल उसके परिवार में रहता है। मेरे लिये रोल मॉडल मेरे दादाजी स्व. माधवराव सिंधिया और मेरे पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, जिन्होंने ग्वालियर के विकास के लिये हमेशा कार्य किया है। 
इस मौके पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष प्रयाग तोमर, पार्षद मंजू दिग्विजय सिंह, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़, राजकुमार परमार, पीताम्बर सिंह, राजेन्द्र जैन, सतेन्द्र शर्मा, संयुक्त संचालक शिक्षा पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी कटियार सहित विभागीय अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।