शहीदों को श्रद्धांजलि देकर क्रंातिकारियों की विचार प्रदर्शनी लगाई

Mar 25 2023

ग्वालियर। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर एआईडीएसओ की कॉलेज इकाई द्वारा केआरजी महाविद्यालय के गेट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व सभा का आयोजन किया गया। क्रांतिकारियों के छायाचित्र पर पुष्पार्पण करते हुए उनको याद किया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा गीत, गजल, कविता आदि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई तथा शहीद क्रांतिकारियों की विचार प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
छात्रों को संबोधित करते हुए कॉलेज इकाई की साथी भावना ने कहा की छात्र नौजवानों को आज के समय में भी भगत सिंह के विचारों को अपनाने की जरूरत है। साथी प्रीति ने कहा कि जिस प्रकार भगत सिंह ने अपने छात्र जीवन में राजनीति में भाग लिया था और जुल्म शोषण और अत्याचार के खिलाफ उठ खड़े हुए थे, उसी प्रकार आज के छात्र नौजवानों को भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढऩे की जरूरत है।
कॉलेज इकाई सचिव स्वाति भटनागर ने बताया कि शहीद ए आजम भगत सिंह के विचारों को पढऩे समझने और जीवन में लागू करने की जरूरत है। कार्यक्रम में छात्रों व आम जनता को छात्र संगठन के जिला उपाध्यक्ष दीपक बरैया ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज इकाई उपाध्यक्ष समरीन खान ने किया। अंत में क्रांतिकारियों के जीवन संघर्षों पर आधारित पुस्तकों का भी विक्रय किया गया।