लाड़ली बहना योजना के आवेदन जमा करने की प्रक्रिया शुरू

Mar 25 2023

ग्वालियर। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजना लाड़ली बहना योजना के फार्म भरना शनिवार से शुरू हो गए हैं। शहर की अधिक से अधिक बहनों को योजना का लाभ मिल सके इसके लिए शहर भर के सभी 66 वार्डों में शिविर लगाकर बहनों के जहां आवेदन भरे जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर जिन बहनों के दस्तावेजों में कमियां हैं उन्हें दूर किया जा रहा है। शनिवार सुबह से ही शिविरों में बहनों का आना शुरू हो गया जो दोपहर तक जारी रहा। 
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों प्रदेश सरकार द्वारा शुरू हुई लाड़ली बहना योजना अब मूर्त रूप लेने लगी है। शहर की अधिक से अधिक बहनों को योजना का लाभ मिल सके इसके लिए नगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है और सभी वार्डों में शिविर लगाकर बहनों के फार्म भरने के साथ-साथ उनके दस्तावेजों की खाना-पूर्ति की जा रही है।
कलेक्टर और निगमायुक्त ने मोर्चा संभाला
शहर की अधिक से अधिक बहनों को योजना का लाभ मिल सके इसके लिए कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और निगमायुक्त किशोर कान्याल ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। शहर में लगने वाले शिविरों में पहुंचकर जहां कर्मचारियों और अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दे रहे हैं वहीं दूसरी ओर बहनों को भी ईकेवायसी व अन्य कमियां कैसे दूर होंगी यह भी बता रहे हैं।
वार्डों में सुबह से ही लगने लगी भीड़ 
आवेदन भरने के पहले दिन सुबह से ही वार्डों में लगे शिविरों में बहनों की भीड़ लगना शुरू हो गई और दोपहर तक बहनें अपना आवेदन भरने के लिए पसीना बहाती नजर आईं। इस दौरान शिविरों में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बहनों की सुविधा के लिए उनके दस्तावेजों में क्या कमियां रह गई और इसे कैसे पूरा किया जाए यह बताया वहीं जिन बहनों के दस्तावेज पूरे मिले उनके फार्म भरने का कार्य किया जा रहा है।